हिन्दूवादी नेता दिनेश शर्मा को मथुरा पुलिस ने हिरासत में लिया
दीपदान करने को श्री कृष्ण जन्मस्थान जाते समय पुलिस ने हिरासत में लिया

मथुरा (आरएनआई) पूर्व घोषणा के अनुसार श्री कृष्ण जन्म स्थान के मूल गर्भ गृह पर करीब साढ़े ग्यारह बजे दीपदान करने के लिए जाते समय श्रीकृष्ण जन्म भूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा को पुलिस ने भूतेश्वर तिराहे से अपनी हिरासत में ले लिया। श्री कृष्ण जन्म स्थान और शाही मस्जिद ईदगाह क्षेत्र में बुधवार सुबह से ही पुलिस, पीएसी और रेपिड एक्शन फोर्स के जवान अलर्ट बने हुए हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी जमे हुए हैं। दोनों ही धर्मिक स्थलों की और वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया है। एलआईयू, आईबी और पुलिस की टीमें होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर तलाशी अभियान छेड़े हुए हैं। पूजा अर्चना के लिए जा रहे भक्तों को तलाशी के बाद ही आगे जाने दिया जा रहा है।
श्री कृष्ण जन्म स्थान के मूल गर्भ गृह पर श्री कृष्ण जन्म भूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने आज दीपदान और जलाभिषेक करने की घोषणा की थी। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने पहले ही साफ कर दिया था कि श्री कृष्ण जन्म स्थान पर कोई भी नई परंपरा डालने की किसी को अनुमति नहीं दी जा सकती है।
छह दिसंबर के मद्देनजर श्री कृष्ण जन्म स्थान और शाही मस्जिद ईदगाह की सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए है। दो सुपर, चार जोन आर आठ सेक्टर में शहर को बांटकर सुरक्षा का चक्रव्यूह बनाया गया है। सुबह से दोनों धार्मिक स्थलों के आसपास के इलाके में तलाशी अभियान छेड़ दिया गया। जो अभी तक जारी है। खुफिया एजेंसियों भी सक्रिय बनी हुई है। वाहनों की आवाजाही को दोनों ही धार्मिक स्थलों की और जाने से रोक दिया गया। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस फ्लैग मार्च कर रही है। सीसीटीवी और ड्रोन के माध्य्म से नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दीपदान करने के लिए भूतेश्वर तिराहे से होकर श्री कृष्ण जन्म स्थान की तरफ जा रहे थे। यहां लागए गए बैरियर पर उनकी गाड़ी को पुलिस ने रोक लिया। एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि दिनेश शर्मा को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है। शहर में शांति और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस का मूवमेंट जारी है।
Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z
What's Your Reaction?






