हर बुधवार को कार्यकर्ताओं, शुक्रवार को आम जनता से मिलेंगे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू
आम जनता से मुलाकात की शुरुआत सात जून को सचिवालय में लगाए गए जनता दरबार से कर दी गई है।

शिमला (आरएनआई) मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू अब हर बुधवार को संगठन के कार्यकर्ताओं और शुक्रवार को आम जनता से मिलेंगे। आम जनता से मुलाकात की शुरुआत सात जून को सचिवालय में लगाए गए जनता दरबार से कर दी गई है। सप्ताह के अन्य दिनों में मुख्यमंत्री सरकारी कामकाज को निपटाएंगे। हिमाचल प्रदेश में चुनाव समाप्त होते ही अब सरकारी कामकाज ने रफ्तार पकड़ना शुरू कर दिया है। अगले सप्ताह कैबिनेट बैठक होने की संभावना है। कैबिनेट बैठक में विभिन्न विभागों में भर्तियां करने सहित अन्य विकास कार्यों को मंजूरी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से बजट घोषणाओं पर हुए काम को लेकर ब्योरा भी मांग लिया है।
करीब 80 दिन तक लगी चुनाव आचार संहिता के कारण प्रदेश में कई कार्य लंबित हो गए हैं। ऐसे में अब मुख्यमंत्री ने कामकाज में और तेजी लाने का फैसला लिया है। सभी कैबिनेट मंत्रियों को भी विभागीय कामकाज की समीक्षाएं करने के निर्देश दिए गए हैं। सप्ताहभर सचिवालय में मिलने के लिए आने वाले लोगों का तांता न लगे रहे, इसके लिए मुख्यमंत्री ने सप्ताह में दो दिन मुलाकात करने के लिए आरक्षित कर दिए हैं। अब हर बुधवार को मुख्यमंत्री सचिवालय में संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। मुलाकात करने के लिए कार्यकर्ताओं को पहले से समय लेने को कहा गया है। इसके अलावा आम जनता के लिए शुक्रवार को खुला दरबार लगाया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश में नए विधायकों की 12 जून को प्रस्तावित शपथ के बाद कांग्रेस विधायक दल की बैठक हो सकती है। हालांकि इस बाबत अभी अधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन पार्टी सूत्रों ने बताया कि 12 जून की शाम को शिमला में बैठक बुलाने की तैयारी है। इस बैठक में मुख्यमंत्री पार्टी के चार नए विधायकों राकेश कालिया, अनुराधा राणा, कैप्टन रंजीत सिंह राणा और विवेक शर्मा का अन्य विधायकों से औपचारिक परिचय करवाएंगे। लोकसभा चुनावों में मिली हार को लेकर भी इस दौरान मंथन किया जाएगा। प्रदेश में सरकार और संगठन की मजबूती को लेकर भी बैठक में चर्चा की जाएगी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2
What's Your Reaction?






