'सैम भाई, मैं उत्तर पूर्व से हूं और भारतीय लगता हूं', पित्रोदा के बयान पर सरमा का पलटवार
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा 'सैम भाई, मैं उत्तर पूर्व से हूं और मैं भारतीय जैसा ही लगता हूं। हम एक विविधता भरा देश हैं, हम अलग दिख सकते हैं, लेकिन हम सब एक हैं। हमारे देश के बारे में थोड़ा तो समझ लो।'

नई दिल्ली (आरएनआई) देश में लोकसभा चुनाव चल रहा है और इस समय कोई भी गलत बयान किसी भी पार्टी के लिए परेशानी का सबब बन सकता है। सैम पित्रोदा ने बीते दिनों विरासत टैक्स को लेकर, जो कहा था, उससे कांग्रेस को काफी नाराजगी झेलनी पड़ी थी। अब एक बार फिर सैम पित्रोदा ने विवादित बयान देकर कांग्रेस की मुश्किल बढ़ा दी है। दरअसल सैम पित्रोदा ने भारत की विविधता को लेकर कहा है कि 'भारत में पूर्व के लोग चाइनीज, तो दक्षिण के लोग अफ्रीकी जैसे लगते हैं। इसके बावजूद हम सब एक हैं।' पित्रोदा के बयान को लेकर भाजपा, कांग्रेस पर हमलावर हो गई है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा 'सैम भाई, मैं उत्तर पूर्व से हूं और मैं भारतीय जैसा ही लगता हूं। हम एक विविधता भरा देश हैं, हम अलग दिख सकते हैं, लेकिन हम सब एक हैं। हमारे देश के बारे में थोड़ा तो समझ लो।' भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा 'इससे साफ हो गया है कि सैम पित्रोदा भारत के बारे में क्या सोचते हैं। वह राहुल गांधी के सलाहकार हैं। अब मुझे समझ आया कि राहुल गांधी बकवास क्यों करते हैं..यह हार की हताशा है। उन्हें न भारत की समझ है और न इसकी विरासत की।'
भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने सैम पित्रोदा के बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि 'वह कह रहे हैं कि राम मंदिर, राम नवमी और भारत के पीएम के राम मंदिर जाने से भारत की विविधता और लोकतंत्र कमजोर हुआ है। मैं ये कहना चाहता हूं कि जो इन विदेशी सलाहकारों के विचारों से प्रभावित हैं, वो ये बात नहीं समझ सकते कि भारत लोकतंत्र की जननी है। उन्हें ऐसा क्यों लगता है कि हमें सब कुछ विदेशियों ने दिया है। उनका बयान देश की मौलिक पहचान की अवमानना है। उस संस्कृति का, जिसे वो कह रहे हैं कि इसने देश की पहचान को कमजोर किया है, वह संस्कृति इस देश के लोकतंत्र और विविधता का आधार है। बाबरी ढांचे को बचाने के लिए आप अदालत गए थे और राम मंदिर को बदनाम करने की कोशिश की थी।'
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सैम पित्रोदा के बयान पर कहा कि 'यह हैरान करने वाला और भद्दा बयान है। वह राहुल गांधी के मेंटोर हैं। यह राहुल गांधी की शब्दावली और विचारधारा है। पहले उन्होंने जाति, धर्म और भाषा के आधार पर बांटा और अब भारतीयों को भारतीयों से बांट रहे हैं। भारत के लोग चीनी लगते हैं क्या ये नस्लवादी टिप्पणी नहीं है? क्या ये आपत्तिजनक बयान नहीं है? ये दिखाता है कि कांग्रेस की मोहब्बत की दुकान में असल में नफरत का सामान है।'
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2
What's Your Reaction?






