सैफ के हमलावर का बांग्लादेशी कनेक्शन; रोहिंग्या मुद्दा उठाकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा
अभिनेता सैफ अली खान पर हमला मामले में गिरफ्तार आरोपियों पर महाराष्ट्र अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष प्यारे खान ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुंबई पुलिस की सराहना की।

नई दिल्ली (आरएनआई) अभिनेता सैफ अली खान पर हमला मामले में बांग्लादेशी और रोहिग्या का एंगल सामने आया है। बताया जा रहा है कि अभिनेता पर हमला करने वाला आरोपी बांग्लादेशी है। महाराष्ट्र कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने इस पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में बांग्लादेशी महाराष्ट्र आते हैं। इसे लेकर उन्होंने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने सरकार से पूछा कि पांच-छह राज्यों को पार करते हुए वे (बांग्लादेशी) महाराष्ट्र कैसे आते हैं? इसका साथ ही कांग्रेस नेता ने बीएसएफ और सेना पर भी सवाल उठाया।
महाराष्ट्र कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने कहा, "यह बहुत गंभीर मुद्दा है। ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं कि बड़ी संख्या में रोहिंग्या और बांग्लादेशी महाराष्ट्र आते हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि सैफ अली खान पर हमला करने वाला भी बांग्लादेशी था। हालांकि, अब केंद्र पर सवाल उठता है कि कैसे वे पांच-छह राज्यों को पार करते हुए महाराष्ट्र आ रहे हैं? इस मामले में बीएसएफ क्या करती है? सेना क्या करती है? केंद्र सरकार और खुफिया विभाग क्या करता है? इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। सेलिब्रिटी से सरपंच तक कोई भी महाराष्ट्र में सुरक्षित नहीं हैं। कानून व्यवस्था की ऐसी स्थिति राज्य में कभी नहीं थी। आज स्थिति यह है कि राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस प्रशासन, राजस्व प्रशासन अपना काम नहीं कर पा रहे हैं।"
अभिनेता सैफ अली खान पर हमला मामले में गिरफ्तार आरोपियों पर महाराष्ट्र अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष प्यारे खान ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुंबई पुलिस की सराहना की। प्यारे खान ने कहा, "मैं आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए मुंबई पुलिस को बधाई देता हूं। मुझे मालूम चला कि आरोपी बांग्लादेशी है। पुलिस और सरकार इसकी जांच कर रही है। जो यह कह रहे हैं कि यहां कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है, यह सही नहीं है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सभी की प्रगति के लिए काम कर रहे हैं। हम सभी को उनका समर्थन करना चाहिए। मैं सभी अल्पसंख्यकों को आश्वासन देता हूं कि डरने की कोई बात नहीं है, महाराष्ट्र पूरी तरह से सुरक्षित है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?






