सीएम की गिरफ्तारी के खिलाफ 'आप' का प्रदर्शन
सीएम अरविंद केजरीवाल की ईडी गिरफ्तारी के खिलाफ आप के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। आम आदमी के इस विरोध प्रदर्शन का असर यातायात पर भी देखने को मिल रहा है।

नई दिल्ली (आरएनआई) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने भाजपा के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया। दिल्ली के कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई। शुक्रवार सुबह से ही दिल्ली के आईटीओ इलाके में पुलिस ने बैरिकेडिंग की। सीएम अरविंद केजरीवाल की ईडी गिरफ्तारी के खिलाफ आप के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।
डीएमआरसी ने पुलिस के कहने पर आईटीओ मेट्रो स्टेशन आज सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक बंद कर दिया। आईटीओ चौक पर रास्ता बंद होने की वजह से जाम की स्थिति पैदा हो गई है। सड़क पर गाड़ियों की लंबी लाइनें लग गई हैं। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। होली घर जाने वाले और खरीदारी के लिए निकले लोग भी जाम में फंस गए।
दिल्ली पुलिस ने दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज को हिरासत में ले लिया है। इस दौरान भारद्वाज ने कहा कि यह पूरी गुंडागर्दी है। अरविंद केजरीवाल को घरवालों को नजरबंद किया गया है। उनके परिवार से किसी को भी मिलने नहीं दिया जा रहा है। केजरीवाल की मां एक दिन पहले अस्पताल से आईं थीं। उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। हम शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, जिसे रोका जा रहा है।
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, 'मैं आप के अलग-अलग नेताओं का वक्तव्य सुना है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल इंसान नहीं एक विचार हैं तो ये विचार नहीं ये राजनीति का दुराचार है और राजनीति में दुष्प्रचार है। इसमें विचार ये है कि वे करेंगे जमके भ्रष्टाचार और कोर्ट की कार्रवाई होगी तो हम अत्याचार-अत्याचार चिल्लाएंगे, खेलेंगे विक्टिम कार्ड। मैं आप नेताओं से पूछना चाहता हूं कि क्या कोर्ट लोकतंत्र को खत्म करना चाहता है? आज इनके विचार बदल गए हैं।
Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z
What's Your Reaction?






