सिक्किम दुर्घटना: बागडोगरा में सेना के 16 जवानों को पुष्पचक्र अर्पित किये गये

उत्तरी सिक्कम के जेमा में एक दिन पहले हुई दुर्घटना में जान गंवाने वाले 16 सैन्यकर्मियों को शनिवार को बागडोगरा में एक कार्यक्रम में श्रद्धांजलि दी गई। सेना ने यह जानकारी दी।

Dec 24, 2022 - 22:15
 0  567
सिक्किम दुर्घटना: बागडोगरा में सेना के 16 जवानों को पुष्पचक्र अर्पित किये गये

बागडोगरा/गंगटोक, 24 दिसंबर 2022, (आरएनआई)। उत्तरी सिक्कम के जेमा में एक दिन पहले हुई दुर्घटना में जान गंवाने वाले 16 सैन्यकर्मियों को शनिवार को बागडोगरा में एक कार्यक्रम में श्रद्धांजलि दी गई। सेना ने यह जानकारी दी।

सेना के एक बयान के अनुसार, उत्तरी सिक्किम के जेमा में शुक्रवार को उसका (सेना का) एक ट्रक तीखे मोड़ पर सड़क से फिसल कर खाई में गिर गया। इस दुर्घटना में 16 सैन्यकर्मियों की जान चली गई।

सेना ने एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले 16 सैन्यकर्मियों के पार्थिव शरीर दोपहर 12 बज कर 36 मिनट पर बागडोगरा हवाई अड्डे पर लाये जाने के बाद उन्हें पुष्पचक्र अर्पित किए गये।

इन सैनिकों को सलामी दी गई और सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद, मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और थलसेना एवं वायुसेना के अधिकारियों ने जवानों को श्रद्धांजलि दी।

पार्थिव शरीरों को पूर्वी सिक्किम स्थित लिबिंग हेलीपैड से उत्तरी पश्चिम बंगाल में सिलीगुड़ी शहर के नजदीक स्थित बागडोगरा हवाई अड्डा लाया गया। पार्थिव शरीरों को इसके बाद देश के विभिन्न राज्यों में स्थित जवानों के घर भेजा गया।

इससे पहले, पार्थिव शरीर को सेना के वाहनों से गंगटोक के पास स्थित सोचेथांग लाया गया और उनका पोस्टमार्टम किया गया।

नागरिक प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए मौजूद थे।

सेना के बयान के मुताबिक, दुर्घटना का शिकार हुआ ट्रक सुबह के समय चत्तेन से थांगू की ओर जा रहे तीन वाहनों के काफिले में शामिल था।

बयान के अनुसार, रास्ते में जेमा में वाहन एक तीखे मोड़ पर सड़क से फिसल कर खाई में गिर गया और तीन जूनियर कमीशंड अधिकारियों (जेसीओ) समेत 16 सैन्यकर्मियों की जान चली गई।

तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया और चार घायल जवानों को हेलीकॉप्टर के जरिये सिल्लीगुड़ी ले जाया गया और उनका एक सैन्य अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सेना के अनुसार, दुर्घटना में जान गंवाने वाले सैनिकों में 285 मेडिकल रेजिमेंट के नायब सूबेदार चंदन कुमार मिश्रा और नायब सूबेदार ओंकार सिंह, 26 मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री के एल/हवलदार गोपीनाथ माकुर, सिपाही सुखा राम, हवलदार चरण सिंह और नायक रविंदर सिंह थापा शामिल हैं।

मिश्रा बिहार के खगड़िया, ओंकार सिंह पंजाब के पठानकोट, माकुर पश्चिम बंगाल के बांकुरा, सुखा राम राजस्थान के जोधपुर, चरण सिंह उत्तर प्रदेश के लखनऊ और थापा उत्तराखंड के पंतनगर के रहने वाले थे।

सेना ने कहा कि मृतकों में 221 फील्ड रेजीमेंट के नायक वैशाख एस और नायक प्रमोद सिंह भी शामिल हैं, जबकि 25 ग्रेनेडियर्स के चार सैनिकों-एल/नायक भूपेंद्र सिंह, नायक श्याम सिंह यादव, नायक लोकेश कुमार और ग्रेनेडियर विकास कुमार की भी इस दुर्घटना में जान चली गई।

वैशाख केरल के पलक्कड़, प्रमोद सिंह बिहार के आरा, भूपेंद्र सिंह उत्तर प्रदेश के एटा, श्याम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के उन्नाव, लोकेश उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर और विकास कुमार हरियाणा स्थित फतेहाबाद के रहने वाले थे।

सेना ने बताया कि 8 राजस्थान राइफल्स से सूबेदार गुमान सिंह और एल/हवलदार अरविंद सिंह, 113 इंजीनियर रेजिमेंट के एल/नायक सोमबीर सिंह और 1871 फील्ड रेजिमेंट के एल/नायक मनोज कुमार भी दुर्घटना में जान गंवाने वाले सैनिकों में शामिल हैं।

गुमान सिंह राजस्थान के जैसलमेर, अरविंद सिंह हरियाणा के भिवानी, सोमबीर सिंह हरियाणा के हिसार और मनोज कुमार राजस्थान स्थित झुंझुनू के रहने वाले थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.