साक्षी मलिक ने किया संन्यास का ऐलान, कहा- बृजभूषण के साथी के साथ नहीं खेल सकती
बीजेपी सांसद बृजभूषण सिंह के करीबी संजय सिंह के कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष चुने जाने पर भारी विवाद खड़ा हो गया है ,दिग्गज पहलवान साक्षी मलिक, विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया ने कहा कि हमें न्याय नहीं मिला। साथ ही संजय सिंह के चुने जाने के विरोध में साक्षी मलिक ने कुश्ती से संन्यास लेने का ऐलान किया।

नई दिल्ली (आरएनआई) प्रेस कॉन्फ्रेंस में भावुक नजर आ रहीं दिग्गज पहलवान साक्षी ने कहा कि फेडरेशन के खिलाफ लड़ाई में बहुत साल लगे। आज जो प्रेसिडेंट बना है, वो उसके बेटे से भी प्रिय है या उसका राइट हैंड कह लीजिए। किसी महिला को भागीदारी नहीं दी गई। मैं अपनी कुश्ती को त्यागती हूं। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस छोड़ते हुए साक्षी Symbol के लिए अपने रेसलिंग जूते छोड़ कर चली गईं।
वहीं विनेश फोगाट ने कहा कि हमने हर तरीके से कोशिश की तब दिल्ली की सड़कों पर बैठे। हमने क्लियरली नाम लेकर बताया था कि लड़कियों को बचा लीजिए। हमसे तीन-चार महीने का वेट करने को कहा और कुछ नहीं हुआ। संजय सिंह को आज अध्यक्ष बनाया गया। उसको प्रेसिडेंट बनाना मतलब खिलाड़ी लड़कियों को फिर से शिकार होना पड़ेगा। ये जो हम लड़ाई लड़ रहे थे उसमें कामयाब नहीं हो पाये।हमें नहीं पता देश में न्याय कैसे मिलेगा।
फोगाट ने कहा, ”बड़े दुख की बात है कि आज रेसलिंग का भविष्य अंधकार में है। किससे दुख बतायें, हमें नहीं पता।हम ट्रेनिंग कर रहे हैं, फिर भी आपसे बताने आये हैं।
वहीं बजरंग पुनिया ने कहा कि हमारी लड़ाई न पहले सरकार से थी और न आज है। पूरे देश ने उसकी पावर और पीछे काम कर रहे तंत्र देख लिया। 20 लड़कियां आयी थीं, उसमें से तोड़ा उसने। ये लड़ाई सबको लड़नी पड़ेगी। हमें नहीं लगता हम रेसलिंग कभी कर पाएंगे। हमारे लिए जातिवाद नहीं है, लेकिन वो बता रहे हैं कि हम जातिवाद करते हैं। हम राजनीति करने नहीं बल्कि बहन बेटियों की लड़ाई लड़ने आये हैं।
WFI के अध्यक्ष रह चुके बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह ने राष्ट्रमंडल खेलों की पूर्व स्वर्ण पदक विजेता अनिता श्योराण को मात दी है। संजय के पैनल के सदस्यों ने अधिकतर पद पर आसान जीत दर्ज की। उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष रहे संजय सिंह को 40 जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी श्योराण को सिर्फ सात वोट मिले।
आरएसएस से जुड़े संजय वाराणसी के रहने वाले हैं और बृजभूषण के बहुत करीबी सहयोगी हैं। संजय सिंह ने जीतने के बाद प्रदर्शनकारी पहलवानों की तरफ इशारा करते हुए कहा कि ‘‘यह देश के हजारों पहलवानों की जीत है जिन्हें पिछले सात से आठ महीनों में नुकसान उठाना पड़ा है।
Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z
What's Your Reaction?






