सरकारी फॉर्म के लिए कतार में खड़ी थीं महिलाएं, राहुल गांधी को देखते ही लाइन छोड़कर मिलने पहुंचीं
गुरुवार की दोपहर को राहुल गांधी शिवसागर से मरियानी शहर पहुंचे। कांग्रेस नेता के काफिले को देखते हुए महिलाएं अपनी कतार छोड़कर सड़क की तरफ भागने लगीं। काफिले के रुकते ही राहुल अपनी बस से बाहर निकले।

गुवाहटी (आरएनआई) असम के जोरहाट में एक नई घोषित सरकारी योजना का फॉर्म लेने के लिए गुरुवार को सैकड़ों महिलाएं एकत्र हुई। इस दौरान जैसे ही उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को देखा, सभी महिलाएं उनका स्वागत करने के लिए अपनी कतार छोड़कर चली गई। बता दें कि राहुल इन दिनों भारत जोड़ो न्याय यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं।
गुरुवार की दोपहर को कांग्रेस नेता शिवसागर से मरियानी शहर पहुंचे। उन्होंने नाकाचारी क्षेत्र में ग्रामीण महिलाओं को सरकारी केंद्र के बाहर कतार में खड़ा देखा। राहुल गांधी के काफिले को देखते ही महिलाएं अपनी कतार छोड़कर सड़क की तरफ भागीं। काफिले के रुकते ही राहुल अपनी बस से बाहर निकले।
कई महिलाओं ने उनके पैर छुए। इस दौरान राहुल ने उन्हें रोकने की भी कोशिश की।महिलाओं ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने की कोशिश की। राहुल ने महिलाओं से बातचीत की और फिर आगे बढ़ गए।
राहुल गांधी के साथ इस यात्रा में कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश भी शामिल है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पांचवें दिन के दौरान मरियानी में असम के मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित एक समारोह में शामिल होने आई महिलाएं खुद बेहद उत्साह के साथ आकर राहुल गांधी से मिलीं। असम के लिए न्याय की शुरुआत हो चुकी है।
राहुल गांधी की इस यात्रा के साथ राज्य सरकार 40 लाख स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को विकसित करने के लिए और ग्रामीण उद्यमियों को लखपति बैद्यू बनाने की योजना के तहत फॉर्म वितरित कर रही थी। हालांकि, इस पर कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार फॉर्म वितरण की तारीख इस तरह तय की है कि ये भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तारीख से टकराए।
राहुल गांधी ने 14 जनवरी को मणिपुर से भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत की थी। यह यात्रा 20 मार्च को मुंबई में खत्म होने वाला है। इस दौरान 67 दिन में 15 राज्यों के 110 जिलों को कवर किया जाएगा।
Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z
What's Your Reaction?






