'संसद में राहुल-प्रियंका के साथ आने पर उड़ जाएगी भाजपा की रातों की नींद', पायलट ने जीत की भविष्यवाणी की
वायनाड संसदीय क्षेत्र के लिए मतदान 13 नवंबर को हुआ था और परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। नतीजे से एक दिन पहले सचिन पायलट ने प्रियंका गांधी वाड्रा की जीत को लेकर भविष्यवाणी की है।

नई दिल्ली (आरएनआई) वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में प्रियंका गांधी वाड्रा की बड़ी जीत की भविष्यवाणी करते हुए कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संसद में राहुल गांधी के साथ प्रियंका के हाथ मिलाने से निश्चित तौर पर भाजपा और एनडीए की रातों की नींद उड़ जाएगी।
चुनावी नतीजों के आने से एक दिन पहले पायलट ने कहा, 'हम वायनाड से प्रियंका जी की ऐतिहासिक जीत चाहते हैं। वह बहुत सालों से पार्टी के साथ काम कर रही हैं। उन्होंने एक समय राहुल जी, सोनिया जी और यहां तक कि राजीव जी के लिए भी बहुत व्यापक प्रचार किया था। इसलिए वह देशभर के पार्टी कार्यकर्ताओं से बहुत अच्छी तरह से जुड़ी हुई हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पार्टी महासचिव के रूप में उन्होंने कैडर को प्रेरित करने की अपनी क्षमता दिखाई है। उन्होंने कहा कि वह देशभर में काफी लोकप्रिय चेहरा हैं और वह न केवल केरल में लोगों के लिए बल्कि संसद में महिलाओं और युवाओं की आवाज को रखने के लिए बेहतर होंगी।
उन्होंने आगे कहा, 'लोकसभा में विपक्ष के नेता के रूप में राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधा है, उन्हें अधिक जवाबदेह होने के लिए मजबूर किया है और प्रियंका का इसमें शामिल होना एनडीए के लिए कठिन दिन होंगे। लोकसभा में वन प्लस वन 11 हो जाएंगे। संसद में राहुल जी के साथ उनके हाथ मिलाने से निश्चित रूप से भाजपा और एनडीए की रातों की नींद उड़ जाएगी।
वायनाड संसदीय क्षेत्र के लिए मतदान 13 नवंबर को हुआ था और परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। प्रियंका गांधी ने अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए लोगों को धन्यवाद दिया था। गौरतलब है, इस पहाड़ी सीट पर उपचुनाव की जरूरत इसलिए पड़ी, क्योंकि इस साल की शुरुआत में वायनाड से लोकसभा चुनाव जीतने वाले राहुल गांधी ने रायबरेली सीट से ही जीत दर्ज कर ली थी। इस सीट पर 16 उम्मीदवार मैदान में थे। प्रियंका गांधी के अलावा, माकपा के नेतृत्व वाले एलडीएफ के सत्यन मोकेरी और भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के नव्या हरिदास शीर्ष दावेदार हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2
What's Your Reaction?






