संभल धनवर्षा मामले में मथुरा का लाइब्रेरियन गिरफ्तार
संभल में तंत्र विद्या और धनवर्षा मामले में पुलिस ने मथुरा के एक लाइब्रेरियन को गिरफ्तार किया है।

संभल (आरएनआई) संभल में तंत्र विद्या और धनवर्षा मामले में पुलिस ने मथुरा के एक लाइब्रेरियन को गिरफ्तार किया है। ASP अनुकृति शर्मा ने बताया- लाइब्रेरियन दशरथ सिंह सिसोदिया के मोबाइल से कई ऑडियो-वीडियो मिले हैं।
जिसमें लड़कियों को संभल से दिल्ली और जयपुर भेजने की जानकारी मिली है। धनवर्षा गैंग आगरा से ऑपरेट होता था। अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। ये लोग गरीब परिवार की लड़कियों को ‘धनवर्षा तंत्र’ के नाम पर बहला-फुसलाकर बुलाते थे, फिर शोषण का खेल होता था।
अब दशरथ सिंह के संपर्क में रहने वाले लोगों को पुलिस तलाश रही है। आरोपी लाइब्रेरियन का दिल्ली के एक श्रीवास्तव और जयपुर के कुछ सिख तांत्रिकों से संपर्क था। प्रोफेसर मथुरा के शास्त्री नगर कॉलोनी का रहने वाला है।
इससे पहले 27 मार्च को संभल पुलिस ने आगरा के रेलवे स्टेशन मास्टर रघुवीर, समेत 14 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनके मोबाइल से 42 लड़कियों की तस्वीरें बरामद हुई थीं, जिनमें कई आपत्तिजनक फोटो भी हैं।
ASP अनुकृति शर्मा ने बताया- लाइब्रेरियन के मोबाइल से वन्यजीवों जैसे उल्लू और सांप के वीडियो मिले हैं। साथ ही कुछ दुर्लभ सिक्के और कस्टम की रसीदें भी मिली हैं, जिससे शक है कि धनवर्षा गिरोह तस्करी में भी शामिल है। जांच टीम अब अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन को भी खंगाल रही है।
इस पूरे केस की शुरुआत संभल जिले के कस्बा धनारी से हुई। यहां का रहने वाला राजपाल 21 मार्च को थाना धनारी पर पहुंचा। उसने बताया, वो उल्टा (ब्रीच बेबी) पैदा हुआ था। कहा जाता है कि ऐसे लोगों में कुछ विलक्षण प्रतिभाएं होती हैं। उदाहरण के तौर पर अगर किसी को चनका (सामान्य भाषा में नस पर नस चढ़ जाना) आ जाए तो ऐसे व्यक्ति से कमर पर पैर (लात) लगवाया जाता है, जिससे चनके की बीमारी दूर हो जाती है।
इसी तरह 11 मार्च को दो युवक राजपाल के पास आए। इसमें एक शख्स बोला कि मेरी मां नरौरा (बुलंदशहर) के हॉस्पिटल में भर्ती हैं। चनका ठीक कराने के नाम पर वो राजपाल को नरौरा ले गए। वहां से एटा और फिर आगरा ले गए। राजपाल के अनुसार, आगरा में इस गैंग ने उसके हाथ-पैर बांध दिए। मुंह पर सफेद कपड़ा डाल दिया। फिर तंत्र क्रिया करके उसको मारने का प्रयास किया। चीख निकलने पर लोग इकट्ठा हो गए और इस तरह वो वहां से भागकर आ गया।
आरोपियों के मोबाइल से कुछ आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। एक वीडियो में नोटों के कई गत्ते (कार्टन) भरे हुए हैं। पास में ही पूजा-पाठ चल रही है और उसके बगल में एक न्यूड लड़की लेटी हुई है।
इस वीडियो के जरिए दावा किया जाता है कि इस लड़की पर तंत्र–क्रिया सफल हो गई, जिसके बाद धनवर्षा के रूप में ये गत्ते नोटों से भर गए हैं। इस तरह के वीडियो गुरु के दलाल चेले गांव–गांव लेकर घूमते थे और गरीब परिवारों को टारगेट करके उन्हें करोड़पति बनने के सपने दिखाते थे।
इस गैंग के टारगेट पर वो लड़कियां होती थीं, जिनकी हाइट साढ़े पांच फीट या इससे ज्यादा हो। ऐसे परिवारों को ये झांसा देते थे कि सिर्फ एक दिन की तंत्र क्रिया होगी और आप करोड़पति बन जाएंगे। ये गरीब परिवार करोड़पति बनने की चाहत में तंत्र क्रिया के लिए तैयार हो जाते थे।
सबसे पहले लड़कियों से 20 पॉइंट पर डिटेल्स भरवाई जाती थी। फिर उनका एक वीडियो बनाया जाता था, जिसमें वो इंच टेप लेकर अपने शरीर की लंबाई माप रही होती हैं। उसके बाद गिरोह का सदस्य ये फोटो-वीडियो गुरु के मैनेजर तक पहुंचाता था।
फिर तय होता था कि तंत्र क्रिया कब और किस शहर में होगी। वहां ये गैंग लड़की को अपनी गाड़ी में लेकर जाता था। कमरे के अंदर तंत्र क्रिया के दौरान सिर्फ लड़की और गुरु मौजूद होते थे। वहां न्यूड करके लड़की को जमीन पर लिटाया जाता था।
पुलिस का दावा है कि लड़की प्रसाद खाने के बाद बेहोश हो जाती थी, जिसके बाद उससे रेप भी किया जाता था। पुलिस को एक ऑडियो क्लिप भी मिली है, जिसमें गुरु तंत्र क्रिया के दौरान लड़की से सेक्स की बात कह रहा है। दलाल इस बात पर हामी भर देता और कहता है कि लड़की सब करेगी, बस धनवर्षा होनी चाहिए। तंत्र क्रिया करने के लिए छह पैर वाले कछुए, दो-मुंहे सांप, उल्लू की बेहद डिमांड होती थी। इसका इंतजाम दलाल खुद करते थे।
गिरोह सदस्यों के हवाले से पुलिस ने बताया, आज तक कोई तंत्र क्रिया सफल नहीं हुई। गुरु तंत्र क्रिया का ढोंग करके लड़की की अस्मत लूटते थे। धनवर्षा नहीं होने पर वो ये कह देते थे कि लड़की ने जिन 20 पॉइंट पर जानकारी दी है, उसमें कुछ न कुछ झूठ जरूर बोला है। मतलब वो जानकारी सही नहीं है, इस वजह से तंत्र क्रिया सफल नहीं हो पाई।
जांच अफसर अनुकृति शर्मा ने बताया, इस गैंग के सभी लोग अंधविश्वासी हैं। उन्हें यकीन है कि धनवर्षा होती है, बशर्ते तंत्र-मंत्र प्रक्रिया सफल हो जाए। वो लोग लड़की के प्राइवेट पार्ट को टच करना भी इसी तंत्र-मंत्र का हिस्सा मानते हैं, लेकिन कानून की नजर में ये पूरी तरह अपराध है।
संभल जिले की अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अनुकृति शर्मा ने बताया, शिकायत गंभीर थी, इसलिए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। सबसे पहले लाखन, रिंकू, अजय सिंह और दुर्जन को पकड़ा, जो राजपाल को धोखे से ले गए थे। रिंकू ने पूछताछ में बताया, उसे 5 लाख रुपए मिलने थे। उससे सिर्फ इतना कहा गया था कि एक ऐसे व्यक्ति को लेकर आना है, जो उल्टा पैदा हुआ हो।
इस तरह जांच करती हुई पुलिस आगरा में यमुना ब्रिज रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर रघुवीर तक पहुंची। रघुवीर अपने कमरे में तंत्र क्रिया करता था। रघुवीर ने पुलिस को बताया कि वाकई धनवर्षा होती है। रघुवीर ने एक डेमो करके भी पुलिस को दिखाया। इसमें वो एक नारियल के ऊपर बैठा, कुछ मंत्र पढ़े और फिर गोल-गोल घूमने लगा।
हालांकि, पुलिस का मानना है कि ये सिर्फ एक बैलेंसिंग है, जिसमें नारियल के ऊपर बैठकर घूम गया होगा। बाकी तंत्र-मंत्र जैसा कुछ नहीं है। इस तरह इस गैंग के कुल 14 मेंबर पकड़े गए हैं। इसमें 3 गुरु भी हैं। जिसमें रघुवीर रेलवे स्टेशन मास्टर है। संजय चौहान आगरा में पतंजलि स्टोर चलाता है। तीसरा गुरु राघवेंद्र पोस्ट ग्रेजुएट है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?






