शाहाबाद:एक राष्ट्र एक चुनाव राष्ट्रहित में उठाया गया आवश्यक कदम: मंत्री

Apr 25, 2025 - 17:47
Apr 25, 2025 - 18:24
 0  108
शाहाबाद:एक राष्ट्र एक चुनाव राष्ट्रहित में उठाया गया आवश्यक कदम: मंत्री

शाहाबाद,हरदोई। एक राष्ट्र,एक चुनाव’ की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाने और इसके प्रति समर्थन जुटाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को ब्लॉक सभागार में प्रबुद्ध वर्ग समागम का आयोजन किया। कार्यक्रम में नगर के प्रबुद्धजनों के साथ बड़ी संख्या में व्यापारी, अधिवक्ता,शिक्षक, चिकित्सक व बुद्धिजीवी वर्ग के लोग उपस्थित रहे। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि पहले देश में लोकसभा और विधान सभा चुनाव एक साथ हुआ करते थे, लेकिन बाद में कांग्रेस की नीतियों ने इस प्रणाली को खंडित कर दिया। उन्होंने कहा, यह केवल भाजपा का मुद्दा नहीं, बल्कि राष्ट्रहित में उठाया गया आवश्यक और दूरदर्शी कदम है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग समय पर चुनाव होने से शासन पर भारी राजस्व भार पड़ता है और बार-बार लगने वाली आचार संहिता के कारण विकास कार्य बाधित होते हैं। “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पूरे देश में एक साथ चुनाव कराना आवश्यक है, एक साथ चुनाव होने से संसाधनों की बचत होगी और देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक सशक्त बनेगी। यह बदलाव भारत को मजबूती देने वाला साबित होगा। ब्लॉक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा ने कहा 1951 से 1967 तक लोकसभा और सभी राज्य विधानसभाओं के चुनाव एक साथ आयोजित किए गए थे। एक राष्ट्र एक चुनाव’ से मतदाताओं के लिए भी सुविधा होती है। मतदाता थकान से बचते हैं और मतदान प्रतिशत में भी वृद्धि होती है तथा नीतियों में अधिक निश्चिंतता आएगी और नीतिगत निर्णय लेने में मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही उपस्थित कई अन्य प्रबुद्धजनों ने अपने अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम के समापन पर कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में पर्यटकों की मौत पर सभी ने 2 मिनट का मौन रखकर मृतकों की शांति व उनके परिवार को दुःख सहन करने की प्रार्थना की। कार्यक्रम में मौजूद प्रबुद्धजनों ने इस संवादात्मक प्रयास की सराहना की और इसे राष्ट्रहित में एक सार्थक कदम बताया। समाज का जागरूक वर्ग ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ को व्यवहारिक और दूरदर्शी सोच मानता है।इस अवसर पर बसंत लाल इंटर कालेज के पूर्व प्रधानाचार्य करुणा शंकर शुक्ला,नगर अध्यक्ष भाजपा अनिल पाण्डेय पिंटू,सुभाष रस्तोगी, अध्यापक संघ के पंकज त्रिपाठी सहित भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0