विपक्षी नेताओं के साथ मंच पर मौजूद सुनीता केजरीवाल
रैली में सीएम केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल सीएम केजरीवाल का संदेश पढ़ेंगी। आप पार्टी ने दावा किया है कि ईडी कस्टडी से अरविंद केजरीवाल ने देश के लिए संदेश दिया है।

नई दिल्ली (आरएनआई) लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली में 'INDIA' गठबंधन की आज रैली हो रही है। केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल रामलीला मैदान में विपक्षी नेताओं के साथ मंच पर मौजूद हैं। रैली में सीएम केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल सीएम केजरीवाल का संदेश पढ़ेंगी। आप पार्टी ने दावा किया है कि ईडी कस्टडी से अरविंद केजरीवाल ने देश के लिए संदेश दिया है। जिसको उनकी पत्नी पूरे देश के सामने पढ़ेंगी। रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की महारैली में बस से आने वाले कार्यकर्ताओं को राजघाट के पास ही उतार दिया गया जहां से लोगों की भीड़ ट्रैफिक के बीच से होकर रैली स्थल तक पहुंची।
आप नेता गोपाल राय ने कहा भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा का पाप का घड़ा भर चुका है। ईडी, सीबीआई के दम पर विपक्ष को खत्म किया जा रहा है। युवाओं, छात्रों, किसान-मजदूरों को कुचला जा रहा है। इंडिया गठबंधन लोकतंत्र को बचाने के लिए तैयार है। केजरीवाल को झूठे केस में गिरफ्तार किया गया है।
आप मंत्री आतिशी ने कहा, 'अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में देशभर से लोग आ गए हैं। दिल्ली की जनता जानती है कि अरविंद केजरीवाल ने उनकी जिंदगी बदल दी है। वे गिरफ्तार हैं, फिर भी उन्हें दिल्ली की चिंता है और उनके लिए संदेश भेज रहे हैं।
आप मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, ''हम दिल्ली की सड़कों पर निकले और हमने देखा कि लोगों में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ गुस्सा है। लोगों को ये पसंद नहीं आया कि एक सीएम को जेल हो। दिल्ली के रामलीला मैदान में आज अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ महारैली का आयोजन किया जा रहा है। INDIA गठबंधन की सभी पार्टियां और उनके नेता इसमें हिस्सा लेंगे। देश में एक बड़ा संदेश जाएगा और यह भाजपा के लिए एक बड़ी चुनौती होगी।
आप नेता दुर्गेश पाठक ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। जो भी भाजपा सरकार के खिलाफ बोलता है या देश में विकल्प की बात करता है, उसे किसी भी फर्जी मामले में गिरफ्तार कर लिया जा रहा है। पूरा देश इसके खिलाफ इकट्ठा हुआ है। हम सब यह बताने के लिए इकट्ठा हुए हैं कि देश संविधान के हिसाब से चलेगा, न कि 'वसूली गैंग' के हिसाब से।
Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z
What's Your Reaction?






