विधायक मानवेन्द्र सिंह के निधन पर मुमुक्षु शिक्षा संकुल में शोक की लहर
मुख्य अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानन्द ने जताया दुख, बताया निजी क्षति

शाहजहांपुर (आरएनआई) ददरौल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक मानवेन्द्र सिंह का लंबी बीमारी के चलते दिल्ली के आइएलबीएस अस्पताल में निधन हो गया। लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए मानवेन्द्र सिंह का शहर के स्वामी शुकदेवानन्द महाविद्यालय से गहरा सम्बन्ध रहा है। वर्ष 1977-78 में वह एसएस कालेज छात्र संघ के अध्यक्ष चुने गए थे। उसके उपरांत जब मुमुक्षु शिक्षा संकुल के मुख्य अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानन्द सरस्वती वर्ष 1989 में शाहजहांपुर आए तो मानवेन्द्र सिंह से उनका गहरा लगाव हो गया। वर्तमान में वह एसएस कालेज और एसएस लाॅ कालेज प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष भी थे। उनकी राजनीतिक यात्रा की बात करें तो मानवेन्द्र सिंह जिला पंचायत सदस्य व जिला पंचायत अध्यक्ष के पद को भी सुशोभित कर चुके है। वहीं वह लम्बे समय तक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भी रहे। कांग्रेस से भाजपा में आए मानवेन्द्र सिंह ने 2017 में भाजपा के टिकट पर ददरौल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। 2023 में भी मानवेन्द्र सिंह ददरौल विधानसभा से निर्वाचित हुए। मानवेन्द्र सिंह के निधन पर मुमुक्षु शिक्षा संकुल में शोक की लहर दौड़ गई। संकुल की सभी संस्थाओं में शोक सभा का आयोजन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। मानवेन्द्र सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए पूर्व केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद ने कहा कि मानवेन्द्र से उनका गहरा लगाव था। उनसे सदैव आत्मीय रिश्ता रहा है। उनका निधन हमारे लिए व्यक्तिगत क्षति है। स्वामी चिन्मयानंद आज के युग में मानवेन्द्र सिंह जैसा सीधा सरल और सच्चा व्यक्ति राजनीति में कम मिलता है। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि वह दिवंगत पुण्यआत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। शोकसभा के दौरान प्रबंध समिति के सचिव डा. अवनीश कुमार मिश्रा, प्राचार्य प्रो. आर के आजाद, डा. आलोक कुमार सिंह, एसएस लाॅ कालेज के प्राचार्य डा. जेएस ओझा, एसएसएमवी के सचिव अशोक अग्रवाल सहित विभिन्न कालेजों और विद्यालयों के तमाम शिक्षक- शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z
What's Your Reaction?






