विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह का निधन
राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के करणपुर से विधायक और कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कुन्नर का दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया। कुन्नर ने एम्स में बुधवार सुबह चार बजे अंतिम सांस ली। कुन्नर को इसी सप्ताह ब्रेन अटैक के बाद पहले एसएमएस अस्पताल और फिर एम्स में भर्ती करवाया गया था।

जयपुर, (आरएनआई) राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कुन्नर का निधन हो गया। गुरमीत कुन्नर श्रीगंगानगर जिले की श्रीकरणपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार थे।
दिल्ली के एम्स अस्पताल में गुरमीत सिंह कुन्नर का निधन हुआ। गुरमीत सिंह कुन्नर के पुत्र रूबी कुन्नर ने निधन की पुष्टि की है। 75 साल के गुरमीत सिंह कुन्नर को दिल्ली एम्स में 12 नवंबर को भर्ती कराया गया था। गुरमीत सिंह के निधन से परिवार के साथ कांग्रेस पार्टी और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है। चुनाव से पहले प्रत्याशी के निधन के कारण अब श्रीकरणपुर विधानसभा क्षेत्र का चुनाव स्थगित हो जाएगा।
साल 2018 के विधानसभा चुनाव में भी राजस्थान में 199 विधानसभा सीटों पर चुनाव हुआ था। चुनाव से पहले अलवर जिले के रामगढ़ में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उम्मीदवार लक्ष्मण सिंह का हार्ट अटैक से निधन हो गया था। इस वजह से यहां चुनाव स्थगित हो गया था।
करणपुर विधानसभा सीट से 2018 में त्रिकोणीय मुकाबले में कांग्रेस के गुरमीत सिंह कुन्नर जीते थे। निर्दलीय पृथीपाल सिंह संधू दूसरे एवं भाजपा के सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी तीसरे नंबर पर रहे। इस बार तीनों ही फिर आमने-सामने हैं। संधू आम आदमी की पार्टी के टिकट पर मैदान में हैं। लेकिन राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 से पहले ही गुरमीत सिंह कुन्नर का निधन हो गया।
Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z
What's Your Reaction?






