वायनाड से चुनाव लड़ेंगी प्रियंका गांधी, कांग्रेस पार्टी ने बनाया प्रत्याशी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पार्टी उम्मीदवार के तौर पर अपनी राजनीतिक पारी का आगाज करेंगी। इस सीट पर आगामी 13 नवंबर को मतदान कराए जाएंगे। मतगणना 23 नवंबर को होगी।

नई दिल्ली (आरएनआई) प्रियंका गांधी केरल की वायनाड लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका को प्रत्याशी बनाने की औपचारिक घोषणा कर दी है। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रियंका को प्रत्याशी बनाए जाने का एलान किया। बता दें कि प्रियंका खुद भी वायनाड से पार्टी का प्रतिनिधित्व करने को लेकर हामी भर चुकी हैं। विगत जून महीने में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे की घोषणा के बाद प्रियंका ने कहा था कि यहां से चुनाव लड़ना उनका सौभाग्य होगा।
वायनाड से निर्वाचित होने पर प्रियंका पहली बार किसी सदन की सदस्य बनेंगी। वह 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले सक्रिय राजनीति में उतरी थीं। उसके बाद से वह पार्टी महासचिव की जिम्मेदारी निभा रही हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा वायनाड लोकसभा उपचुनाव की घोषणा के तुरंत बाद कांग्रेस ने प्रियंका गांधी की उम्मीदवारी वाली सूची जारी की।
उन्होंने चुनाव लड़ने वाले तीन प्रत्याशियों की सूची जारी की। कांग्रेस पार्टी के बयान के मुताबिक लोकसभा उपचुनाव में वायनाड से प्रियंका गांधी चुनाव लड़ेंगी, जबकि केरल की ही दो खाली विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में पलक्कड़ सीट पर राहुल ममकुताथिल चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित चेल्लाकरा विधानसभा सीट से पार्टी ने महिला नेता राम्या हरिदास को उम्मीदवार बनाया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB
What's Your Reaction?






