रुझानों में हरियाणा में भाजपा को बहुमत, जम्मू कश्मीर में कांग्रेस गठबंधन आगे

नई दिल्ली (आरएनआई) हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में हरियाणा में भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। इस तरह हरियाणा में भाजपा की हैट्रिक लगने की उम्मीद बन गई है। वहीं जम्मू कश्मीर में कांग्रेस गठबंधन आगे चल रहा है। दोनों राज्यों के चुनाव नतीजों पर इसलिए भी नजर है क्योंकि ये नतीजे आगामी राज्यों के चुनाव पर भी असर डाल सकते हैं। जम्मू कश्मीर में 90 सीटों के लिए तीन फेज में वोटिंग हुई थी। वहीं हरियाणा में सिर्फ एक फेज यानी 5 अक्तूबर को मतदान हुआ था।
रुझानों में जम्मू कश्मीर में कांग्रेस-नेकां गठबंधन बहुमत का आंकड़ा पार कर चुका है। कांग्रेस गठबंधन 48 सीटों पर आगे है। वहीं भाजपा 28 सीटों पर, पीडीपी 4 सीटों पर आगे है। अन्य 10 सीटों पर आगे चल रहे हैं।
हरियाणा में ताजा रुझानों के अनुसार, भाजपा जीत की हैट्रिक लगाने के लिए तैयार है। साढ़े 11 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, भाजपा 50 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस 34 सीटों पर और इनेलो प्लस 2 सीटों पर आगे है।
चुनाव आयोग के अनुसार, जम्मू कश्मीर भाजपा के प्रमुख रविंदर रैना नौशेरा सीट से चौथे राउंड की मतगणना के बाद नौ हजार से ज्यादा वोटों से पीछे चल रहे हैं।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार श्रीगुफवारा-बिजबेहरा निर्वाचन क्षेत्र से पीडीपी उम्मीदवार इल्तिजा मुफ्ती 6/12 राउंड की मतगणना के बाद 4334 वोटों से पीछे चल रही हैं। यहां से JKNC के बशीर अहमद शाह वीरी आगे चल रहे हैं।
चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार 3/17 राउंड की मतगणना के बाद भाजपा उम्मीदवार श्रुति चौधरी ने तोशाम विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के अनिरुद्ध चौधरी पर 3785 मतों के अंतर से बढ़त बना ली है।
जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव नतीजों के अनुसार, राज्य में कांग्रेस गठबंधन 47 सीटों पर, भाजपा 28 सीटों पर, पीडीपी चार सीटों और अन्य 11 सीटों पर आगे चल रहे हैं। ये आंकड़े सुबह 11 बजे तक के हैं।
सुबह 11 बजे की स्थिति के अनुसार, हरियाणा में भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। हरियाणा में भाजपा 47, कांग्रेस 36, इनेलो गठबंधन 4 और अन्य 11 सीटों पर आगे चल रहे हैं।
भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, 'मेरा मानना है कि कोई भी निष्कर्ष निकालने के लिए हमें अंतिम परिणाम की प्रतीक्षा करनी चाहिए लेकिन अभी जो रुझान आ रहे हैं वह एक सकारात्मक दिशा की ओर इशारा कर रहे हैं। हमें पूरा विश्वास है कि यह रुझान भाजपा के पक्ष में एक निर्णायक जनादेश में बदलेंगे। जम्मू-कश्मीर में हम सकते हैं कि लोकतंत्र का पर्व बड़े उत्साह और व्यवस्था के साथ मनाया गया है, जनता निर्णायक और ऐतिहासिक जनादेश देगी और भाजपा अब तक का अपना सबसे शानदार प्रदर्शन करेगी।
जम्मू कश्मीर की उधमपुर पूर्व सीट से निर्दलीय उम्मीदवार पवन खजूरिया आगे चल रहे हैं। वहीं भाजपा के रणबीर सिंह पठानिया करीब चार हजार वोटों से पिछड़े हुए हैं।
हरियाणा की कैथल से कांग्रेस उम्मीदवार आदित्य सुरजेवाला ने कहा, 'अभी हम 2 राउंड देखने के बाद कुछ नहीं कह सकते, 1-2 घंटे में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। तीसरे राउंड में हम 2600 वोटों से आगे चल रहे हैं और ये अंतर और बढ़ेगा। कांग्रेस की सरकार बहुत बड़े बहुमत से आ रही है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB
What's Your Reaction?






