रुझानों में हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार

हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। रुझानों में हरियाणा में भाजपा ने बहुमत हासिल कर लिया है। इसके साथ ही हरियाणा में भाजपा जीत की हैट्रिक लगाने को तैयार है। वहीं जम्मू कश्मीर में कांग्रेस गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। दोनों राज्यों के चुनाव नतीजों पर इसलिए भी नजर है क्योंकि ये नतीजे आगामी राज्यों के चुनाव पर भी असर डाल सकते हैं। 

Oct 8, 2024 - 17:12
 0  297
रुझानों में हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार

नई दिल्ली (आरएनआई) केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अधर्म का नाश हुआ। धर्म की विजय हुई है। भाजपा ही कल्याण कर सकती है, इस भाव को हरियाणा की जनता ने प्रकट किया है। 

कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि हरियाणा के चुनाव परिणाम पूरी तरह से अप्रत्याशित और आश्चर्यजनक हैं। यह जमीनी हकीकत के बिल्कुल विपरीत हैं। यह हरियाणा के लोगों की सोच के खिलाफ है। मुझे लगता है कि इन परिस्थितियों में परिणामों को स्वीकार करना हमारे लिए संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें कम से कम तीन जिलों में मतगणना प्रक्रिया और ईवीएम की कार्यप्रणाली पर बहुत गंभीर शिकायतें मिली हैं। हमने हरियाणा में अपने वरिष्ठ सहयोगियों से बात की है और यह जानकारी दी है। हम इसे कल या परसों चुनाव आयोग के समक्ष रखेंगे। हम आयोग से समय मांगेंगे क्योंकि हमारे उम्मीदवारों ने बहुत गंभीर सवाल उठाए हैं। आज हमने हरियाणा में जो देखा वह चालाकी की जीत है। लोगों की इच्छा को नष्ट करने की जीत है और पारदर्शी लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की हार है।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि नतीजे पूरी तरह से अप्रत्याशित हैं। हम तो यहां तक कहेंगे कि हमें यह स्वीकार नहीं हैं। तीन जिलों, हिसार, महेंद्रगढ़ और पानीपत से हमारे उम्मीदवार के बारे में लगातार शिकायतें आ रही हैं। शिकायत है कि कैसे कुछ मशीनों की बैटरियां जो 99% थीं उनमें हमें हारते हुए दिखाया गया और जिन मशीनों को छुआ तक नहीं गया, जिनकी बैटरियां 60-70% थीं उनमें हमारे उम्मीदवार को जीतते दिखाया गया।

हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे पर कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि नतीजे निराशाजनक हैं। सुबह तक हमें पूरी उम्मीद थी। हमारे सभी कार्यकर्ता बहुत निराश हैं क्योंकि इन्होंने पिछले 10 सालों में कांग्रेस पार्टी के लिए बहुत कुछ सहा है। लेकिन अब हमें इन सब बातों से पीछे हटते हुए एक नए सिरे से आगे सोचना होगा क्योंकि जैसे अभी चल रहा है वो ऐसे ही तो नहीं चलेगा। पार्टी को किस तरह से राज्य में सींचा नहीं गया, ताल-मेल नहीं रखा गया, कौन से लोग थे जो सबको साथ लेकर चलने के जिम्मेदार थे ये भी बाते हैं। राज्य में क्या संदेश गया है। किसलिए लोग कांग्रेस की सरकार बनाते हुए पीछे हट गए? ये सब बातें देखनी पड़ेंगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय हमें लगा कि मिलकर चुनाव लड़ना चाहिए। बहुत कुछ होते हुए हमने सब बातों पर पर्दा डालते हुए चुनाव लड़ा। चुनाव तक और चुनाव के दौरान बहुत सी बातें हुईं। आज कहना अच्छा नहीं लगेगा तो इस बात को यहीं छोड़ देते हैं। पार्टी को इसको लेकर आत्मनिरीक्षण करना चाहिए।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में भाजपा कार्यालय में हरियाणा विधानसभा चुनाव में पार्टी के शानदार प्रदर्शन का जश्न मनाया। फडणवीस जश्न में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए। हरियाणा में भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटी है।

हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव नतीजों पर CPI सांसद पी. संदोष कुमार ने कहा, जम्मू-कश्मीर के नतीजे हम सभी के लिए खुशखबरी हैं... यह अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद हुए पहले विधानसभा चुनाव हैं। यह स्पष्ट हो चुका है कि कश्मीर के लोगों ने भाजपा सरकार की नीतियों को खारिज कर दिया है... हम जम्मू-कश्मीर के राज्य का दर्जा तुरंत बहाल करने की मांग करते हैं। अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद से ही यह हमारी मांग रही है। जहां तक हरियाणा का सवाल है कांग्रेस को कुछ सबक सीखना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि कांग्रेस के कुछ नेताओं को लगता है कि सब कुछ उनके नियंत्रण में है। कांग्रेस को स्थिति की गंभीरता को समझना चाहिए और इसके कुछ नेताओं को जमीन से जुड़ना चाहिए। वे 'राजा' और बड़े जननेता की तरह काम नहीं कर सकते। उन्हें वास्तविकता समझनी चाहिए।

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव नतीजों पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, मतदाताओं ने जाति, पंथ और धर्म से परे जाकर समाज के हर वर्ग तक पहुंचे विकास को रेखांकित किया है। यह परिणाम उन सभी का फैसला है... हमने एक ऐसा समय भी देखा था जब जम्मू-कश्मीर में मुश्किल से 8-10% मतदान होते थे। भाजपा का यह प्रदर्शन अब तक का सबसे अच्छा रहा है... हरियाणा और जम्मू-कश्मीर कांग्रेस मुक्त हो गए हैं।

Follow  RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.