राहुल गांधी ने उठाया वायनाड में पर्यटन को पुनर्जीवित करने का मुद्दा
राहुल गांधी ने केरल कांग्रेस के नेताओं और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ वर्चुअल बैठक में पर्यटन के मुद्दे पर चर्चा की। उन्होंने वायनाड में राहत और पुनर्वास को लेकर किए जा रहे प्रयासों की एक वीडियो क्लिप एक्स पर पोस्ट की।

नई दिल्ली (आरएनआई) लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वायनाड में पर्यटन को पुनर्जीवित करने का मुद्दा उठाया है। उन्होंने यह भी कहा कि भूस्खलन के बाद क्षेत्र में हुई तबाही को लेकर लोगों के डर को दूर करना होगा। उनको समझाना होगा कि भूस्खलन पूरे वायनाड नहीं बल्कि एक क्षेत्र विशेष में हुआ था।
राहुल गांधी ने केरल कांग्रेस के नेताओं और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ वर्चुअल बैठक में पर्यटन के मुद्दे पर चर्चा की। उन्होंने वायनाड में राहत और पुनर्वास को लेकर किए जा रहे प्रयासों की एक वीडियो क्लिप साझा करते हुए एक्स पर पोस्ट किया कि वायनाड भूस्खलन के बाद हुई तबाही से लगातार उबर रहा है। यहां सभी समुदाय और संगठनों के लोगों को एक साथ आता देखकर खुशी हो रही है।
उन्होंने लिखा कि वायनाड के लिए पर्यटन सबसे महत्वपूर्ण पहलू है। जब वहां बारिश बंद हो जाए तो पर्यटन क्षेत्र को पुनर्जीवित करने के लिए पहल की जाए। साथ ही लोगों को यहां आने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। हमें यह ध्यान रखना है कि भूस्खलन वायनाड के एक विशिष्ट क्षेत्र में हुआ था।
राहुल गांधी ने कहा कि वायनाड अद्भुत पर्यटन स्थल है। जल्द ही यह अपने पूरे प्राकृतिक आकर्षण के साथ भारत और पूरी दुनिया के पर्यटकों का स्वागत करने के लिए तैयार होगा। इसके लिए हम सबको एक बार फिर साथ में आना होगा। उन्होंने कहा कि वायनाड में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सबसे अहम यह है कि हम लोगों के मन से यह डर दूर करें कि यह एक खतरनाक जगह है।
उन्होंने कुछ प्रमुख मुद्दों पर ध्यान देने की बात कही। राहुल ने कहा कि राहत और पुनर्वास पर अंतर-विभागीय समन्वय, अपर्याप्त मुआवजा, किराये और पर्यटन पर प्रभाव जैसे मामलों पर ध्यान देने की जरूरत है। भूस्खलन में कई लोगों ने अपनी आजीविका खो दी है, इसलिए किराये के मुद्दे पर फोकस करने की जरूरत है।
लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने दो निर्वाचन क्षेत्रों रायबरेली और वायनाड सीट से जीत हासिल की थी। केरल की वायनाड सीट से उन्होंने इस्तीफा दे दिया, जहां से उनकी बहन प्रियंका गांधी उपचुनाव लड़ेंगी। वायनाड में हाल ही में हुए भूस्खलन में 200 से अधिक लोगों की जान चली गई थी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2
What's Your Reaction?






