राष्ट्रीय समर स्मारक पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, बलिदानियों को किया नमन
भारत में 76वें गणतंत्र दिवस का जश्न मनाया जा रहा है। मुख्य समारोह कर्तव्य पथ पर होगा जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ध्वजारोहण करेंगी। इस समारोह में इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्रोबोवो सुबियांतो भारत के मुख्य अतिथि हैं।

नई दिल्ली (आरएनआई) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन से गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए कर्तव्य पथ के लिए रवाना हो गई हैं। उनके साथ गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि और इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्राबावो सुबियांतो भी गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने जा रहे हैं।
गणतंत्र दिवस समारोह से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय समर स्मारक पहुंचे और वहां वीर बलिदानियों को नमन किया। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और तीनों सेनाओं के प्रमुख भी मौजूद रहे।
इस बार का गणतंत्र दिवस समारोह बेहद खास है। इस बार पूरे भारत से गणतंत्र दिवस समारोह में 10 हजार विशिष्ट अतिथि शामिल हो रहे हैं। इनमें पैरालंपिक खिलाड़ी, बेहतर प्रदर्शन करने वाले सरपंच, हथकरघा कारीगर, वन एवं वन्यजीव संरक्षण कार्यकर्ता शामिल हैं।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गणतंत्र दिवस के मौके पर हैदराबाद स्थित वीरूला सैनिक स्मारक, परेड ग्राउंड जाकर अमर वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और सलामी दी।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने आधिकारिक आवास पर गणतंत्र दिवस के मौके पर तिरंगा फहराया और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
नागपुर में संघ मुख्यालय में गणतंत्र दिवस के अवसर पर महानगर संघचालक राजेश लोया ने तिरंगा फहराया। वहीं संघ प्रमुख मोहन भागवत ने ठाणे के भिवंडी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह साढ़े 10 बजे कर्तव्य पथ पर तिरंगा फहराएंगी। इसके बाद परेड शुरू होगी, जो करीब 90 मिनट चलेगी। परेड में 16 राज्यों और केंद्र सरकार के 15 मंत्रालयों की कुल 31 झांकियां निकाली जाएंगी। इस बार गणतंत्र दिवस की थीम गोल्डन इंडिया-हेरिटेज एंड डेवलेपमेंट है।
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबावो सुबियांतो इस साल गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि हैं। शनिवार शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति भवन में इंडोनेशियाई राष्ट्रपति के सम्मान में भोज का आयोजन किया। इस आयोजन के दौरान इंडोनेशिया के एक प्रतिनिधिमंडल ने बॉलीवुड गीत कुछ कुछ होता है गाया। इस प्रतिनिधिमंडल में इंडोनेशिया के वरिष्ठ मंत्री शामिल थे। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति भारत की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?






