राष्ट्रपति पुतिन ने मृतकों की याद में जलाई मोमबत्ती
क्रॉकस सिटी में हुई इस गोलीबारी में 130 से अधिक लोगों की मौत के बाद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 24 मार्च के दिन राष्ट्रीय शोक का एलान किया था। पुतिन ने कहा कि इस हत्याकांड के दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

मॉस्को (आरएनआई) रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मॉस्को के क्रोकस सिटी हॉल में आतंकवादी हमले में जान गंवाने वालों को चर्च में मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस हमले में अबतक 130 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। रूसी विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा किया, जिसमें पुतिन मोमबत्ती जलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। मंत्रालय ने एक्स पर लिखा, 'राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने क्रोकस सिटी हॉल में आतंकवादी हमले में जान गंवाने वाले सभी लोगों को याद किया।'
क्रोकस सिटी हॉल में आतंकवादी हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 130 से अधिक हो गई है। रूसी जांच समिति ने एक बयान में कहा, 'मृतकों के शवों की पहचान जारी है। फिलहाल, आतंकी हमले की जगह पर 130 से अधिक लोगों के शव मिले हैं, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। घटनास्थल पर जांच जारी है। अब तक, 62 शवों की पहचान की जा चुकी है। आतंकवादी हमले के दिन कॉन्सर्ट परिसर में मौजूद लोगों को निजी सामान, जैसे कि दस्तावेज और कार आदि जारी करने का काम शुरू हो गया है।
शोक संतप्त देश में राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुका दिया गया है। रूस ने शोक के एक दिन के लिए झंडों को आधा झुका दिया। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक यह बीते दो दशकों में रूस के अंदर सबसे घातक हमला है। मास्को के बाहर एक संगीत कार्यक्रम में 137 लोगों की हत्या के आरोप लगाते हुए चार लोगों पर आरोप लगाए गए हैं।
क्रॉकस सिटी में हुई इस गोलीबारी के बाद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 24 मार्च के दिन राष्ट्रीय शोक का एलान किया था। उन्होंने कहा कि इस हत्याकांड के दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुतिन ने कहा कि जांच के बाद हत्याकांड के दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।
मॉस्को की गोलीबारी पर निराशा और दुख का इजहार करते हुए हाल ही में पांचवीं बार राष्ट्रपति चुने गए पुतिन ने देशवासियों से मुखातिब होकर कहा, 'मैं आज आपसे उस खूनी, बर्बर आतंकवादी कृत्य के संबंध में बात कर रहा हूं, जिसमें दर्जनों निर्दोष, शांतिपूर्ण लोग शिकार बने। मैं 24 मार्च को राष्ट्रीय शोक दिवस घोषित करता हूं।
Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z
What's Your Reaction?






