राष्ट्रपति ने मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह नहीं रहे। 92 साल की उम्र में उनका दिल्ली एम्स में निधन हो गया। उन्हें उम्र संबंधी दिक्कतों की वजह से गुरुवार रात 8:06 बजे एम्स में भर्ती कराया गया था। रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मनमोहन सिंह प्रखर अर्थशास्त्री थे। 1991 में देश में शुरू किए गए आर्थिक उदारीकरण के वे शिल्पकार रहे। 2004 से 2014 तक वे प्रधानमंत्री रहे। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है।

नई दिल्ली (आरएनआई) कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने बताया कि आज शाम साढ़े पांच बजे कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक होगी, जिसमें कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य, स्थायी और विशेष आमंत्रित लोग पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। कल सुबह आठ बजे मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को आम जनता के दर्शनों के लिए कांग्रेस मुख्यालय ले जाया जाएगा। इसके बाद साढ़े आठ बजे से लेकर साढ़े नौ बजे तक अंतिम दर्शन होंगे और फिर पार्थिव शरीर को अंतिम यात्रा पर ले जाया जाएगा।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा, 'मनमोहन सिंह जी ने भारतीय राजनीति में बहुत बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने आर्थिक सामाजिक क्षेत्र में बड़े बदलाव किए। देश उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा। प्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए उन्होंने देश की आर्थिक सामाजिक प्रगति में योगदान दिया। समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए उनके योगदान को याद रखा जाएगा। उनका जाना देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने ईमानदारी से काम किया। उनके परिवार के लिए मेरी गहरी संवेदना है। उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति मिले।'
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, 'भाग्य हमारे हाथ में नहीं है, लेकिन मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि हालांकि मनमोहन सिंह अब नहीं रहे, लेकिन वह अभी भी जीवित हैं। राष्ट्र के लिए उनके योगदान को बदला नहीं जा सकता। बेंगलुरू विश्वविद्यालय में, हम सभी छात्रों के लिए एक शोध और अध्ययन केंद्र शुरू करने जा रहे हैं ताकि वे देश के विकास के लिए मनमोहन सिंह द्वारा किए गए सुधारों के बारे में जान सकें।'
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
दिवंगत पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, 'अपनी पार्टी की ओर से मैं उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। वह पहले प्रधानमंत्री थे जिन्होंने हाशिए पर पड़े समुदायों और मुस्लिम समुदाय के उत्थान के लिए काम किया। उनके निधन से देश ने अपना बेटा खो दिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB
What's Your Reaction?






