राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उलिहातू में बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को झारखंड पहुंचीं और जनजातीय नेता एवं स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा को उनके जन्मस्थान उलिहातू में स्थापित स्मारक पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

Nov 15, 2022 - 19:15
 0  675
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उलिहातू में बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी

खूंटी, 15 नवंबर 2022, (आरएनआई)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को झारखंड पहुंचीं और जनजातीय नेता एवं स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा को उनके जन्मस्थान उलिहातू में स्थापित स्मारक पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्थापना दिवस पर झारखंड के लोगों को शुभकामनाएं देने के बाद मुर्मू ‘जनजातीय गौरव दिवस’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रांची से मध्य प्रदेश के शहडोल रवाना हो गईं।

राष्ट्रपति पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पहुंचीं, जहां उनका स्वागत राज्यपाल रमेश बैस और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया।

हवाई अड्डे पर मुर्मू को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ पेश किया गया। इसके बाद वह सेना के हेलीकॉप्टर से सीधे खूंटी के उलिहातू में स्थित बिरसा मुंडा के स्मारक पर पहुंचीं, जहां उन्होंने वीर शहीद को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

उलिहातू में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ पर बिरसा मुंडा को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए राज्यपाल बैस और मुख्यमंत्री सोरेन भी राष्ट्रपति के साथ उपस्थित थे।

उलिहातू में बिरसा मुंडा के परिजनों से मुलाकात करने के बाद मुर्मू वायु सेना के विशेष विमान से वापस रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पहुंचीं और फिर जबलपुर के लिए रवाना हो गईं।

जबलपुर से उनका मध्य प्रदेश के शहडोल जाने का कार्यक्रम है, जहां वह ‘जनजातीय गौरव दिवस’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। मध्य प्रदेश में राष्ट्रपति दो दिन प्रवास करेंगी।

बिरसा मुंडा की जयंती को पूरे देश में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है।

राष्ट्रपति के रांची पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री सोरेन ने ट्वीट किया, “धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के शुभ अवसर पर माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का झारखंड की धरती पर हार्दिक अभिनंदन और जोहार।”

मुर्मू ने भी ट्विटर पर जारी एक संदेश में सभी देशवासियों को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने लिखा, “जनजातीय गौरव दिवस पर मैं सभी देशवासियों, विशेषकर जनजातीय समाज के भाइयों और बहनों को बधाई देती हूं! जनजातीय समुदायों ने अपनी कला, शिल्प और कठिन परिश्रम से राष्ट्र के जीवन को समृद्ध किया है। उनकी जीवनशैली विश्व समुदाय को प्रकृति के संवर्धन की शिक्षा प्रदान करती है।”

इसके अलावा, मुर्मू ने झारखंड के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को बधाई देते हुए ट्वीट किया, “जोहार झारखंड! राज्य स्थापना दिवस पर मैं झारखंड के सभी निवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं! मैं चाहती हूं कि झारखंड के लोग अपनी संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों को संजोते हुए पर्यावरण अनुकूल विकास के नए आयाम स्थापित करें।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया, “आप सभी को जनजातीय गौरव दिवस की अनेकानेक शुभकामनाएं। भगवान बिरसा मुंडा जी शत-शत नमन।”

वहीं, राज्यपाल रमेश बैस ने राज्य के स्थापना दिवस पर ट्वीट कर संदेश दिया, “झारखंड राज्य के स्थापना दिवस समारोह पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मैं आप सभी के खुशहाल जीवन और राज्य की निरंतर प्रगति की कामना करता हूं।”

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.