इंडियन स्वच्छता लीग 2023 में शाहाबाद नगरपालिका को मिला प्रदेश में दूसरा स्थान
शाहाबाद हरदोई । स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद शाहाबाद को तीन साल बाद फिर स्वच्छता अवार्ड मिलने जा रहा है। इंडियन स्वच्छता लीग 2023 अवार्ड के अंतर्गत नगर पालिका शाहाबाद को दूसरे नंबर पर चयनित किया गया है। स्केल ऑफ इंगेजमेंट में प्रथम स्थान पर गाजियाबाद की नगर पालिका परिषद लोनी और द्वितीय स्थान पर हरदोई जनपद की नगर पालिका परिषद शाहाबाद को चयनित किया गया है। नगर विकास विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा इंडियन स्वच्छता लीग 2023 अवार्ड के अंतर्गत एक बार फिर से शाहाबाद नगर पालिका परिषद को चयनित किया गया है। अवार्ड के लिए चयनित नगर पालिका परिषद के अधिकारियों, स्टाफ, सफाई कर्मचारियों और सभासदों में प्रसन्नता व्याप्त है। शाहाबाद नगर पालिका परिषद को स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 की टॉप 10 सूची में सम्मिलित होने का मौका मिला था। 6 मार्च 2019 को शाहाबाद नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष नसरीन बानो को दिल्ली के विज्ञान भवन में सम्मानित किया गया था। स्वच्छता राज्य मिशन निदेशालय लखनऊ द्वारा जारी प्रपत्र के माध्यम से स्वच्छता सर्वेक्षण के नतीजे की घोषणा की गई थी जिसमें यूपी की तीन नगर निगम और सात नगर पालिकाओं को चुना गया था। स्वच्छ सर्वेक्षण 2019 के यूपी के परिणाम के ऐलान में शाहाबाद नगर पालिका को स्थान मिलने पर जनपद को गौरवान्वित होने का मौका मिला। जिलाधिकारी पुलकित खरे ने पालिका परिषद की अध्यक्ष नसरीन बानो और अधिशासी अधिकारी विमला पति को प्रशस्ति पत्र देकर जनपद मुख्यालय पर सम्मानित किया था। इस बार इंडियन स्वच्छता लीग 2023 अवार्ड के लिए 12 नगर पालिका परिषदों को चयनित किया गया है। जिसमें स्केल ऑफ इंगेजमेंट के अंतर्गत प्रथम स्थान पर गाजियाबाद की लोनी नगर पालिका परिषद और दूसरे स्थान पर हरदोई जनपद की शाहाबाद नगर पालिका परिषद का चयन किया गया है। स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत इंडियन स्वच्छता लीग 2023 अवार्ड के लिए प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त करने पर नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों, अधिकारियों, सभासदों एवं सफाई कर्मचारियों में प्रसन्नता व्याप्त है। बोलीं पालिका अध्यक्ष शाहाबाद नगर पालिका अध्यक्ष पद पर दूसरी बार विजय प्राप्त करने वाली नसरीन बानो का कहना है कि इस सम्मान के लिए सर्वप्रथम शाहाबाद नगर की सम्मानित जनता है। जनता ने स्वच्छता अभियान के तहत बखूबी अपनी जिम्मेदारी निभाई। घर की महिलाओं व पुरुषों द्वारा कूड़े को पालिका द्वारा लगवाए गए गीले सूखे कूड़ेदानों में कूड़ा डाला गया ताकि सड़क पर गंदगी न फैलने पाये। जनता का योगदान काफी सराहनीय है और वह अपेक्षा करती हैं कि नगर की जनता सदैव इसी तरह स्वच्छता अभियान में सहयोग करते हुए नगर पालिका को यूपी में सर्वोच्च स्थान पर ले जाने का काम करती रहे। उन्होंने कहा यह सम्मान जो शाहाबाद नगर पालिका को मिला है इसके लिए वह अपने सभी सम्मानित सभासदों, पालिका कर्मचारियों का आभार व्यक्त करती हैं।
What's Your Reaction?






