यूपी में मौसम ने ली करवट, ओले और बूंदबांदी से बढ़ी किसानों की चिंता
राजधानी लखनऊ समेत अवध क्षेत्र में शनिवार दोपहर से अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला। आसमान में बादल छाने के साथ ही धूल भरी आंधी चली। इसके बाद हल्की बारिश हुई। बारिश देख किसानों को फसल खराब होने की चिंता सताने लगी। इस समय तिलहन के साथ चना कट रहा है। किसानों को बारिश से खेत में ही खराब होने का भय सताने लगा। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार रविवार से प्रदेश में मौसम दोबारा सामान्य हो जाएगा।

लखनऊ (आरएनआई) उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ समेत आसपास के जिलों में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में घने बादल छाने के साथ ही गरज-चमक के बीच हल्की बारिश भी हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली।
तेज हवाओं ने उमस से परेशान लोगों को ठंडी फिजाओं का अहसास कराया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक यह राहत अल्पकालिक है। रविवार से पूरे प्रदेश में मौसम सामान्य हो जाएगा और तापमान में लगातार वृद्धि शुरू हो जाएगी। अगले सप्ताह से गर्मी अपने तेवर दिखाएगी।
शनिवार को लखनऊ समेत पश्चिमी यूपी के मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत और बुलंदशहर समेत कई जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर चला। लखनऊ में भी सुबह से ही बादल छाए रहे और दोपहर होते-होते हल्की बारिश हुई है। 20-25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं पछुआ हवाओं ने दिन का तापमान करीब 3 डिग्री तक गिरा दिया, जिससे लोगों को राहत महसूस हुई।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण-पश्चिमी हवाओं की वजह से हुआ है। यह बदलाव ज्यादा समय तक टिकेगा नहीं। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार रविवार से प्रदेश में मौसम दोबारा सामान्य हो जाएगा। अगले 2-3 दिनों में तापमान में क्रमिक वृद्धि होने लगेगी।
अधिकतम तापमान अगले सप्ताह के अंत तक 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। बताया कि "पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम में अस्थायी परिवर्तन हुआ। अब हवाएं उत्तर-पश्चिमी दिशा से चलने लगेंगी, जिससे मौसम साफ हो जाएगा और तापमान में वृद्धि होगी। अगले सप्ताह गर्मी अपने तेवर दिखा सकती है।
शनिवार को मौसम में हुए इस परिवर्तन ने किसानों और आमजन को थोड़ी राहत जरूर दी है, लेकिन अगले कुछ दिनों में गर्मी की वापसी तय मानी जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस समय हवाओं का रुख बदलने और तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले सप्ताह के अंत तक प्रदेश के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को दोबारा तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?






