मिसाइल से संगीत तक महिलाओं ने बहुत कुछ हासिल किया है
राष्ट्रपति ने कहा कि ऐसी कहावत है कि हर सफल व्यक्ति के पीछे एक महिला होती है लेकिन अब ऐसा कहा जाना चाहिए कि हर सफल व्यक्ति के साथ एक महिला होती है।

नई दिल्ली। (आरएनआई) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को नारी शक्ति की तारीफ की और कहा कि महिलाओं ने अलग-अलग क्षेत्रों में कामयाबी हासिल की है और वह मिसाइलों से लेकर संगीत, हर क्षेत्र में कमाल कर रही हैं। बता दें कि दिल्ली में मानेकशॉ सेंटर में आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन ने एक कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुर्मू भी शामिल हुईं।
कार्यक्रम के दौरान बोलते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि मैं सभी वीर नारियों को उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त करती हूं। साथ ही आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन की भी राष्ट्रपति ने तारीफ की। कार्यक्रम के दौरान सेना के जवान से शादी करने वाली एक उद्यमी महिला और झारखंड की एक टीचर, जो कि वीर नारी हैं, अपने अनुभव साझा किए। दोनों महिलाओं को सुनने के बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि दोनों महिलाओं की दर्दभरी कहानियां सुनने, या कहें कि दृढ संकल्प और समर्पण की कहानी सुनकर रूह कांप गईं। इसलिए ही इसे नारी शक्ति कहा जाता है।
राष्ट्रपति ने कहा कि ऐसी कहावत है कि हर सफल व्यक्ति के पीछे एक महिला होती है लेकिन अब ऐसा कहा जाना चाहिए कि हर सफल व्यक्ति के साथ एक महिला होती है। राष्ट्रपति ने देश और समाज के विकास में महिलाओं के योगदान की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मिसाइल से लेकर संगीत तक, महिलाओं ने सभी बाधाओं से पार पाते हुए बहुत कुछ हासिल किया है। आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष अर्चना पांडे ने राष्ट्रपति की तारीफ की और उन्हें खुद नारी शक्ति का उदाहरण बताया। इस दौरान उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की पत्नी सुदेश धनखड़ और केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी भी मौजूद रहीं।
What's Your Reaction?






