'मन में अंधविश्वास, देश का सत्यानाश', कुणाल कामरा ने नया वीडियो जारी करके फिर शिवसेना पर कसा तंज
समय रैना और रणबीर अल्लाहबादिया के बाद कॉमेडियन कुणाल कामरा का विवादित बयान चर्चा में है। इसे लेकर लगातार बवाल मचा है। अब कुणाल कामरा ने एक और वीडियो जारी करके शिवसेना पर तंज कसा है। उन्होंने एक गाने के जरिये मौजूदा स्थिति पर व्यंग्य किया है।
मुंबई (आरएनआई) महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर विवादित टिप्पणी को लेकर घिरे कॉमेडियन कुणाल कामरा ने एक बार फिर शिवसेना पर तंज कसा है। इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में कुणाल कामरा कह रहे हैं कि विकसित भारत का नया एंथम सुनिए। इसके बाद वे एक गाना गाते हैं। उनके इस वीडियो में शिवसेना कार्यकर्ताओं को हैबिटेट कॉमेडी क्लब में तोड़फोड़ करते हुए दिखाया गया है।
कुणाल कामरा वीडियो में गाना गा रहे हैं कि हम होंगे कंगाल एक दिन, मन में है अंधविश्वास, देश का सत्यानाश। होंगे नंगे चारों ओर, करेंगे दंगे चारों ओर पुलिस के पंगे चारों ओर, एक दिन, मन में नाथूराम, हरकत आसाराम, हम होंगे कंगाल एक दिन। कुणाल गाते हैं कि होगा गाय का प्रचार, लेकर हाथों में हथियार, होगा संघ का शिष्टाचार एक दिन। जनता बेरोजगार, गरीबी की कगार, हम होंगे कंगाल एक दिन।
36 साल स्टैंड-अप कॉमेडियन ने अपने शो में शिंदे का नाम लिए बिना उनके राजनीतिक करियर पर कटाक्ष किया था। उन्होंने महाराष्ट्र के एक बड़े राजनीतिक भूचाल का भी हवाला दिया था। कामरा ने फिल्म 'दिल तो पागल है' के एक लोकप्रिय हिंदी गाने की पैरोडी की थी। इसमें शिंदे को बिना उनका नाम लिए 'गद्दार' कहा गया था। उन्होंने शिवसेना और एनसीपी के विभाजन सहित महाराष्ट्र में हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों पर भी चुटकुले बनाए थे।
टिप्पणी के बाद रविवार की रात शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने मुंबई के खार इलाके में हैबिटेट कॉमेडी क्लब पर धावा बोल दिया था। यहीं कुणाल कामरा का शो हुआ था। इसके साथ ही उस होटल को भी नुकसान पहुंचाया गया था, जिसके परिसर में क्लब स्थित है।
इससे पहले कुणाल कामरा ने शिंदे से माफी मांगने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा था कि वह शिंदे के बारे में अपनी विवादास्पद टिप्पणियों के लिए माफी नहीं मांगेंगे। उन्होंने मुंबई में उस स्थान पर तोड़फोड़ की आलोचना की थी, जहां कॉमेडी शो की रिकॉर्डिंग की गई थी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?






