मकान में लगी आग, छत से घबराकर कूदी लडकी की मौत : सामान जलकर हुआ राख

सागर (आरएनआई) शहर के रामपुरा वार्ड की बताशा वाली में स्थित एक मकान में आग लग गई। आग लगने से दूसरी मंजिल पर मौजूद परिवार घबरा गया। इसी दौरान परिवार की 13 वर्षीय बेटी डर के कारण छत से कूद गई। घटना में गंभीर चोटे आने से किशोरी की मौत हो गई। वहीं घटना में दो लोग घायल हुए हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर फाइटर मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आगजनी में मकान में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार कोतवली थाना क्षेत्र के रामपुरा वार्ड निवासी अशोक जैन भायजी के मकान में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात आग लग गई। आग मकान में खुली फोटोकापी की दुकान से शुरू हुई। दूसरी मंजिल पर परिवार रहता है। धुआं उठते देख परिवार के लोग जागे। उन्होंने जैसे ही आग देखी तो घबरा गए। शोर मचाया। इसी दौरान आग से बचने और डर के कारण एंजेल पिता मुकेश जैन उम्र 13 साल निवासी रामपुरा वार्ड छत से कूद गई। जमीन पर गिरने से एंजेल गंभीर घायल हुई। घटना देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और एंजेल को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
आगजनी में मकान का सामान पूरी तरह जला।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका इधर, आग लगने की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस और फायर फाइटर मौके पर पहुंची। घर में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आगजनी में घर में रखा सामान जल गया। वहीं घटना में अमृता जैन और विदान जैन जख्मी हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जांच अधिकारी पीयूष साहू ने बताया कि रामपुरा वार्ड में मकान में आग लगी थी। जिसमें 13 वर्षीय लड़की छत से कूद गई। घटना में उसकी मौत हो गई। मामले की जांच की जा रही है।
Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z
What's Your Reaction?






