भाजपा में शामिल हुए अशोक चह्वाण, देंवेद्र फडणवीस की मौजूदगी में ली सदस्यता
अशोक चव्हाण के इस्तीफे से महाराष्ट्र कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। राजनीतिक हालात को देखते हुए पार्टी के महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला ने आज मुंबई में कांग्रेस नेताओं की अहम बैठक बुलायी है।

मुंबई (आरएनआई) महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण आज भाजपा में शामिल होंगे। अशोक चव्हाण मुंबई में भाजपा कार्यालय पहुंच गए हैं और थोड़ी ही देर में वे भाजपा की सदस्या लेंगे। अशोक चव्हाण ने आज बताया था कि 'मैं भाजपा में शामिल हो रहा हूं'। भाजपा नेता और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस अशोक चव्हाण को पार्टी की सदस्यता दिला सकते हैं। अशोक चव्हाण ने सोमवार को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अन्य सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद से ही चव्हाण के भाजपा में जाने की अटकलें लग रहीं थी।
अशोक चव्हाण के इस्तीफे से महाराष्ट्र कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। राजनीतिक हालात को देखते हुए पार्टी के महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला ने आज मुंबई में कांग्रेस नेताओं की अहम बैठक बुलायी है। देवेंद्र फडणवीस ने अशोक चव्हाण के इस्तीफे के बाद दावा किया था कि कई और कांग्रेस विधायक पार्टी छोड़ सकते हैं। इससे कांग्रेस नेतृत्व में घबराहट की स्थिति है। यही वजह है कि महाराष्ट्र में पार्टी नेतृत्व ने आज बैठक बुलायी है।
शिवसेना यूबीटी नेता उद्धव ठाकरे ने अशोक चव्हाण के भाजपा में शामिल होने की खबरों पर कहा है कि अगर भाजपा अशोक चव्हाण को राज्यसभा भेजती है तो ये सैनिकों का अपमान होगा। दरअसल अशोक चव्हाण पर आदर्श हाउसिंग घोटाले को लेकर आरोप लगे थे। उद्धव ठाकरे ने कहा कि पीएम मोदी और देवेंद्र फडणवीस भी अशोक चव्हाण पर आदर्श हाउसिंग घोटाले को लेकर आरोप लगा चुके हैं और अब अगर उन्हें राज्यसभा भेजा जाता है तो ये सैनिकों का अपमान होगा। मुंबई में रक्षा मंत्रालय की जमीन पर आलीशान रिहायशी बिल्डिंग का निर्माण किया गया था। इस मामले में अशोक चव्हाण पर आपराधिक साजिश रचने और धोखाधड़ी के आरोप लगे थे। हालांकि चव्हाण ने इन आरोपों से इनकार किया था।
Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z
What's Your Reaction?






