बूथ प्रबंधन बनेगा जीत का मंत्र

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बदनावर और रतलाम विधानसभा के कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन का पढ़ाया पाठ

Apr 27, 2023 - 22:24
Apr 27, 2023 - 22:24
 0  1.5k
बूथ प्रबंधन बनेगा जीत का मंत्र
बूथ प्रबंधन बनेगा जीत का मंत्र
बूथ प्रबंधन बनेगा जीत का मंत्र

रतलाम। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को उन सीटों का जिम्मा सौंपा है जो लगातार हार रही हैं और जहां ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने अब तक 29 विधानसभा सीटों पर संगठन मजबूत करने पर जोर देने की बात प्रमुखता से रखी है। पूर्व सीएम तीन से चार बार हारी सीटों के साथ-साथ उन सीटों पर भी जोर दे रहे हैं जहां मतदाताओं ने कांग्रेस के विधायक बनाएं लेकिन वे मतदाताओं से विश्वासघात कर भाजपा में शामिल हो गए। इस क्रम में पूर्व सीएम पहले सुरखी विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं जहां पहले जनता ने गोविंद राजपूत को कांग्रेस का विधायक बनाया था बाद में वे जनता से विश्वास घात कर भाजपा में चले गए। अब उन्होंने धार जिले की बदनावर सीट का दौरा किया जहां पहले राज्यवर्धन दत्तीगांव कांग्रेस से विधायक चुने गए थे दत्तीगांव के पाला बदलने के बाद बदनावर सीट को कांग्रेस ने टारगेट में लिया है। 

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह  बदनावर विधानसभा क्षेत्र में जिला कांग्रेस कमेटी धार द्वारा आयोजित कांग्रेस के मंडल सेक्टर की बैठक में शामिल हुए जहां उन्होंने मंडलम सेक्टर अध्यक्षों को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कांग्रेस की बैठकें जिला कार्यालय में ना होकर ब्लॉक, मंडलम और सेक्टर स्तर पर होना चाहिए।उन्होंने कहा वोटर लिस्ट की देखभाल करना हमारी जवाबदारी है क्योंकि कमलनाथ जी के पास और हमारे पास शिकायतें आ रही हैं कि भाजपा ने बड़े पैमाने में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की है। कांग्रेस को समर्थन देने वाले मतदाताओं के वोटर लिस्ट से नाम काट दिए गए हैं व आसपास के विधानसभा क्षेत्रों के नाम इस विधानसभा क्षेत्र में जोड़ दिए इसलिए सजग रहने की जरूरत है। मतदाता सूची का परीक्षण कीजिए, एक-एक घर जाकर परीक्षण कर मतदाता सूची दुरस्त करिए। पूर्व सीएम ने कार्यकर्ताओं को अपने मन की बात रखने का मौका दिया और सभी के सुझाव नोट किए। उसके बाद वे बदनावर की कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल हुए जहां उन्होंने सबसे पहले महिला जनप्रतिनिधियों व महिला कार्यकर्ताओं को मंच पर बैठाया व स्वयं सबसे अंतिम पंक्ति में कार्यकर्ताओं के साथ बैठे। पूर्व सीएम ने सभी कार्यकर्ताओं को हिदायत दी कि जो कोई भी उन्हें राजा साहब कहेगा मैं उसका भाषण वही रोक दूंगा और उसे बाद में मौका दिया जाएगा। उसके बाद एक कार्यकर्ता को उन्होंने राजा साहब कहने पर उसका भाषण रुकवाकर दूसरे को बोलने का मौका दिया। ऐसा करके उन्होंने ये संदेश दिया कि लोकतंत्र में कोई राजा महाराजा नही होता। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने अपनी बात खुल कर रखी, सुझाव भी दिए और सवाल भी किए। पूर्व सीएम ने सभी के सवालों और सुझावों को नोट किया और सब को यथा उचित जवाब दिए।

दोपहर बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह रतलाम जिले के रतलाम शहर विधानसभा क्षेत्र पहुंचे जहां वे कांग्रेस के मंडलम सेक्टर अध्यक्षों की बैठक में शामिल हुए। उन्होंने मंडलम सेक्टर अध्यक्षों से सबको साथ लेकर चलने की बात कही। उन्होंने कहा सामंजस्य समन्वय संवाद व सकारात्मक सोच के साथ संगठन को मजबूत करें। सकारात्मक सोच का मतलब सीधा है हम 2023 में कांग्रेस की सरकार बनाने वाले हैं। उन्होंने कहा सभी कार्यकर्ता एकजुटता के साथ काम करेंगे तो कम से कम 150 सीटें जीतने से हमें कोई नहीं रोक सकता। उसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह रतलाम शहर विधानसभा क्षेत्र की कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल हुए। बैठक की शुरुआत में जिला कांग्रेस कमेटी ने रतलाम शहर के वरिष्ठतम कांग्रेस जनों का पूर्व सीएम के द्वारा सम्मान करवाया। उसके बाद बैठक को सुचारु रुप से चालू करते हुए पूर्व सीएम ने महिला कार्यकर्ताओं को मंच पर बैठाया और स्वयं पीछे जाकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मंच दिया और उनकी शिकायतों और सुझावों को ध्यान से सुना और सभी कार्यकर्ताओं से कहा एकजुट हो जाओ मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow