बिहार, उप्र सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने शरद यादव को दी श्रद्धांजलि
बिहार, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और तेलंगाना सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने वरिष्ठ समाजवादी नेता शरद यादव के निधन पर शुक्रवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई।

नयी दिल्ली, 13 जनवरी 2023, (आरएनआई)। बिहार, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और तेलंगाना सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने वरिष्ठ समाजवादी नेता शरद यादव के निधन पर शुक्रवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई।
वरिष्ठ नेता और जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का बृहस्पतिवार को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। यादव 75 वर्ष के थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री यादव के परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्री और एक पुत्र हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यादव के निधन पर एक ट्वीट में कहा, ‘‘पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव का निधन दुःखद है। उनसे मेरा बहुत गहरा संबंध था। मैं उनके निधन की खबर से स्तब्ध एवं मर्माहत हूं। वे एक प्रखर समाजवादी नेता थे। उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।’’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।’’
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने कहा, ‘‘पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन से गहरा दुख पहुंचा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने लोकतंत्र व धर्मनिरपेक्षता के आदर्शों के लिए प्रतिबद्ध रहने वाले सबसे बड़े समाजवादी नेताओं में से एक को खो दिया है।’’
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने 1970 के दशक में देश में ‘‘सत्ता विरोधी राजनीति’’ में उनके योगदान को याद करते हुए यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘शरद यादव जेपी आंदोलन के दिग्गज थे और उन्होंने 1970 के दशक में भारत में नयी, सत्ता-विरोधी राजनीति की रूपरेखा तैयार करने में मदद की। मैं उनके निधन से दुखी हूं। परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।’’
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने भी यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया और अलग राज्य के तौर पर तेलंगाना के गठन के लिए उनके समर्थन को याद किया।
एक सरकारी बयान में कहा गया, ‘‘ मुख्यमंत्री केसीआर ने एक अलग राज्य के रूप में तेलंगाना के गठन में शरद यादव के समर्थन को याद किया।’’
उसके मुताबिक, केसीआर ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव को केसीआर भी कहा जाता है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शरद यादव ने अपना संपूर्ण जीवन देश और समाज की सेवा में व्यतीत किया।
उन्होंने कहा, ‘‘वे अपने कार्यों एवं विचारों के रूप में सदैव आमजन के हृदय में जीवित रहेंगे। विनम्र श्रद्धांजलि!’’
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘जद(यू) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला। उन्होंने हमेशा वंचित वर्गों के उत्थान के लिए काम किया। अपने मज़बूत राजनीतिक उसूलों पर क़ायम रहने वाले राजनेता के रूप में उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।’’
What's Your Reaction?






