फरवरी में रामलला के दर्शन करने जाएगा पूरा कैबिनेट : हिमंत बिस्वा सरमा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की बधाई दी है। इसी के साथ उन्होंने एक जानकारी भी साझा किया है।

गुवाहटी (आरएनआई) असम कैबिनेट ने 22 फरवरी को अयोध्या राम मंदिर का दौरा करने का फैसला किया है। यह फैसला मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में कैबिनेट की बैठक के दौरान लिया गया।
सीएम सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, 'कैबिनेट ने अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही भारत के लोगों को भी बधाई दी। पूरा कैबिनेट 22 फरवरी को रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जाएगा।
राज्य मंत्रिमंडल ने दस जिलों में भूमिहीन मूलनिवासियों को भूमि देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, 'सोनितपुर, तिनसुकिया, धेमाजी, नागांव, विश्वनाथ, कामरूप (महानगर), कामरूप, बोंगाईगांव, गोलपारा और धुबरी जिलों में मिशन बसुंधरा 2.0 के तहत भूमिहीन मूलनिवासियों को भूमि दिया जाएगा।
इन परिवारों में 84 फीसदी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अधिक अन्य पिछड़ा वर्ग से ताल्लुक रखते हैं। पेपर लीक पर अंकुश लगाने के लिए असम परीक्षा विधेयक 2024 को कैबिनेट की तरफ से मंजूरी दे गई है। इसे विधानसभा में पांच फरवरी को बजट सत्र के दौरान पेश किया जाएगा।
कैबिनेट ने गोहपुर में 'स्वाहिद कनकलता बरुआ विश्वविद्यालय' नाम से एक नया राज्य विश्वविद्यालय स्थापित करने को भी मंजूरी दे दी। इसके साथ ही कैबिनेट ने विकास के लिए बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल को दूसरी किस्त के रूप में 400 करोड़ रुपये जारी करने को भी मंजूरी दे दी है।
Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z
What's Your Reaction?






