प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत: पांच साल बाद मौत, पुलिस ने दिया कंधा और कराया अंतिम संस्कार
आगरा में एक विवाहिता की मौत के बाद उसका अंतिम संस्कार पुलिस को कराना पड़ा। विवाहिता ने पांच साल पहले प्रेम विवाह किया था। उसकी लाश फंदे पर लटकी मिली। ससुराल वाले फरार हो गए।

आगरा (आरएनआई) आगरा के थाना अछनेरा क्षेत्र में प्रेम विवाह के पांच साल बाद पत्नी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया तो ससुराल वाले भाग गए। मायके में शव लाकर हंगामा किया जाने लगा। अछनेरा में केस दर्ज हुआ। उधर, जगदीशपुरा पुलिस शव को श्मशान घाट तक ले गई और बेटे की तलाश कर उससे मुखाग्नि दिलवाई।
नई आबादी निवासी चंद्रपाल की बहन संजू ने पांच साल पहले अछनेरा स्थित बड़ी बस्ती निवासी जितेंद्र से प्रेम विवाह किया था। जितेंद्र मजदूरी करता है। दो बच्चे हैं। चंद्रपाल ने बताया कि 26 मार्च को संजू का शव ससुराल में फंदे पर लटका मिला। पुलिस को सूचना दी। 27 को पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने शव परिजन को सौंप दिया।
शव को अछनेरा ले जाया गया। वहां मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। ससुराल वाले भाग गए। पुलिस को सूचना दी। मगर, अछनेरा में केस दर्ज नहीं किया गया। इस पर देर रात परिजन शव बोदला मायके में ले आए।
शुक्रवार सुबह तक अंतिम संस्कार नहीं किया। इसकी जानकारी होने पर पुलिस पहुंच गई। उन्होंने पुलिस से कहा कि केस दर्ज होने और बेटे के हाथों से ही मुखाग्नि देने पर ही अंतिम संस्कार करेंगे। थाना अछनेरा में केस दर्ज किया गया। पति जितेंद्र, ससुर, देवर और ननद को आरोपी बनाया गया।
बेटे को पुलिस खोजकर ले आई। परिजन अंतिम संस्कार का सामान लेने गए तो उन्हें मृतका के आधार कार्ड के बिना सामान नहीं दिया गया। तब पुलिस अंतिम संस्कार का सामान लेकर आई। जगदीशपुरा थाना प्रभारी आनंद वीर और दारोगा संदीप राठी ने अर्थी तैयार कराई। कंधा देकर आवास विकास काॅलोनी स्थित सेक्टर-3 में श्मशान घाट पहुंचाया। मृतका के बेटे के हाथों से मुखाग्नि दिलाकर अंतिम संस्कार कराया। उधर, मृतका के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फंदा लगाने से मौत होना आया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?






