जम्मू-कश्मीर: प्रदेश में आज से तीन दिन बिगड़ सकता है मौसम का मिजाज, बाढ़ और भूस्खलन के लिए अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इससे बाढ़, भूस्खलन और पहाड़ों से पत्थर गिर सकते हैं। वीरवार को जम्मू संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

जम्मू (आरएनआई) जम्मू-कश्मीर में मानसून की सक्रियता बढ़ने से 11 से 13 जुलाई के बीच कुछ हिस्सों में मौसम अधिक बिगड़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इससे बाढ़, भूस्खलन और पहाड़ों से पत्थर गिर सकते हैं। वीरवार को जम्मू संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
जम्मू में निरंतर देर रात या तड़के बारिश के बाद अगले दिन मौसम साफ रह रहा है। यहां बुधवार तड़के भी बारिश हुई। इसके बाद दिनभर हल्के बादलों के साथ धूप खिली रही। तापमान में थोड़ी गिरावट आई है, लेकिन उमस से कोई राहत नहीं मिल पाई है। यहां दिन में आर्द्रता (उमस) का प्रतिशत 74 रहा। जबकि दिन का पारा सामान्य से 2.1 डिग्री गिरकर 33.3 और न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बनिहाल में अधिकतम तापमान 29.0, बटोत में 28.1, कटड़ा में 29.1 और भद्रवाह में 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर में भी मौसम साफ रहा। राजधानी श्रीनगर में दिन का तापमान 29.8 और न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में अधिकतम तापमान 25.7 और न्यूनतम तापमान 10.5 तथा गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 20.2 और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2
What's Your Reaction?






