प्रचंड गर्मी से कठुआ में 47.1 और जम्मू में 43.6 डिग्री पहुंचा पारा

यहां लगातार तापमान में वृद्धि से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित है। इसका असर लखनपुर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की कम होती आवाजाही पर भी देखा जा रहा है।

May 29, 2024 - 00:44
 0  648
प्रचंड गर्मी से कठुआ में 47.1 और जम्मू में 43.6 डिग्री पहुंचा पारा

जम्मू (आरएनआई) प्रदेश के प्रवेशद्वार के साथ लगते कठुआ में मंगलवार को प्रचंड गर्मी से दिन के पारे ने 47.1 डिग्री सेल्सियस के साथ आलटाइम रिकॉर्ड बना दिया। यहां लगातार तापमान में वृद्धि से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित है। इसका असर लखनपुर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की कम होती आवाजाही पर भी देखा जा रहा है।

जम्मू में भी सामान्य से 4.5 डिग्री चढ़कर अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से मंगलवार को सीजन का सबसे गर्म दिन बीता। प्रचंड गर्मी को देखते हुए समर जोन के स्कूलों में 1 जून से 16 जुलाई तक छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। कश्मीर के लगभग जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री ऊपर चल रहा है। पहाड़ों पर तपिश जारी है।

जम्मू में सुबह से ही गर्मी ने रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया था। भीषण गर्मी के कारण सुबह कार्यालय समय से ही बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। दिन के समय अधिकांश बाजार सूने पड़े हुए हैं। सड़कों से दोपहर के समय खासतौर पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही कम हुई है। लू के थपेड़ों से इंसानों के साथ जीवजंतु परेशान हैं। यहां न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बनिहाल में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री चढ़कर 31.8, बटोत में सामान्य से 3.6 डिग्री चढ़कर 32.4, कटड़ा में 39.4 और भद्रवाह में सामान्य से 4.7 डिग्री चढ़कर 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर में दिनभर मौसम साफ रहा। यहां कई जिलों में दिन का तापमान 33 डिग्री के ऊपर चल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 30 मई से 2 जून के बीच कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। जून मेें भी लू और तेज गर्मी का प्रभाव जारी रहेगा।

राजधानी श्रीनगर में शाम को तेज हवाएं चलने के साथ कुछ ऊपरी क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। श्रीनगर में अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री चढ़कर 32.6, काजीगुंड में सामान्य से 8.1 डिग्री चढ़कर 33.4, पहलगाम में सामान्य से 5.0 डिग्री चढ़कर 27.8, कुपवाड़ा में सामान्य से 4.4 डिग्री चढ़कर 30.9, कोकरनाग में सामान्य से 6.3 डिग्री चढ़कर 31.0, गुलमर्ग में 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने खासतौर पर मैदानी इलाकों में लू और तेज गर्मी को देखते हुए खासतौर पर बुजुर्गों, बीमार लोगों और बच्चों को सीधी धूप में न जाने की सलाह दी है। इस अवधि में गर्मी से अधिकांश लोग प्रभावित हो सकते हैं। तापमान में वृद्धि से लोगों में डिहाइड्रेशन, उल्टी, दस्त, बुखार आदि की शिकायत बढ़ी है। शहर के अस्पतालों की मेडिसिन ओपीडी में अधिकांश लोग गर्मी से जुड़ी बीमारियों की शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं। बच्चों में भी यह समस्या बढ़ी है। इसके साथ त्वचा संबंधी एलर्जी और अन्य समस्याएं बढ़ी हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.