पंजाब: आम आदमी पार्टी ने चार सीटों पर की उम्मीदवारों की घोषणा
आम आदमी पार्टी की तरफ से नौ सीटों पर उम्मीदवारों का एलान किया जा चुका है। अब जालंधर, लुधियाना, फिरोजपुर और गुरदासपुर से प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगा दी गई है।

चंडीगढ़ (आरएनआई) आम आदमी पार्टी की तरफ से जालंधर, लुधियाना, गुरदासपुर और फिरोजपुर सीट से उम्मीदवारों की घोषणा कर दी गई। पार्टी ने अपने तीन विधायकों को मैदान में उतारा है। पहले भी आप अपने पांच मंत्रियों को चुनाव मैदान में उतार चुकी है। इसके साथ ही आप की तरफ से प्रदेश में सभी उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया गया है।
आम आदमी पार्टी ने जालंधर से पवन टीनू को टिकट दिया है। इससे पहले पार्टी ने जालंधर से सुशील रिंकू को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह भाजपा में शामिल हो गए। अब भाजपा ने भी इसी सीट से उनको उम्मीदवार बना दिया है। पूर्व अकाली विधायक पवन टीनू रविवार को आप में शामिल हुए थे। टिकट मिलते ही टीनू निर्मल कुटिया सीचेवाल पहुंचे और राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह जी सीचेवाल से आशीर्वाद लिया। गुरदासपुर से पार्टी ने अपने विधायक अमनशेर सिंह शैरी कलसी को प्रत्याशी बनाया है।
फिरोजपुर से आप ने जगदीप सिंह काका बराड़ को मैदान में उतारा है। वे मुक्तसर साहिब से विधायक हैं। काका बराड़ ने राजनीति की शुरुआत 2002 में आजाद प्रत्याशी के तौर पर नगर काउंसिल चुनाव लड़ते हुए की थी और वे अपना पहला चुनाव जीतकर पार्षद बने थे। 2007 में उन्होंने शिअद की ओर दूसरा नगर काउंसिल चुनाव लड़ा और जीत गए। 2012 में वे आप में शामिल हो गए थे। इसके बाद 2017 में आप की टिकट पर पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा। इस चुनाव में उनका मुकाबला शिअद प्रत्याशी कंवरजीत सिंह रोजी बरकंदी के साथ था, मगर वे ये चुनाव हार गए।
2022 विधानसभा चुनाव में पार्टी ने फिर से जगदीप सिंह काका बराड़ को आप की सीट से चुनाव मैदान में उतारा और इस बार उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी रोजी बरकंदी को हराते हुए विधायक की कुर्सी पर कब्जा किया था। काका बराड़ किसान परिवार से संबंधित हैं।
लुधियाना से पार्टी ने हिंदू चेहरे अशोक पराशर पप्पी को टिकट दिया है। अशोक पराशर पप्पी लुधियाना के हलका सेंट्रल से विधायक हैं। 59 साल के पराशन आठवीं पास है। 2022 के विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस का हाथ छोड़ कर पप्पी आप में शामिल हुए थे। वे सेंट्रल हलके से जीत दर्ज करके विधायक बने थे।
Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2X
What's Your Reaction?






