त्रिपुरा में बिप्लब देब के घर के पास भाजपा और माकपा समर्थकों के बीच झड़प, दो घायल

त्रिपुरा के गोमती जिले में पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब के पैतृक आवास के पास भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के समर्थकों के बीच हुई झड़प में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

Jan 4, 2023 - 18:30
 0  405
त्रिपुरा में बिप्लब देब के घर के पास भाजपा और माकपा समर्थकों के बीच झड़प, दो घायल
बिप्लब कुमार देब

अगरतला, 4 जनवरी 2023, (आरएनआई)। त्रिपुरा के गोमती जिले में पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब के पैतृक आवास के पास भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के समर्थकों के बीच हुई झड़प में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उदयपुर अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) निरूपम दत्ता ने बताया कि जामजुरी इलाके में मंगलवार रात हुई इस झड़प में शामिल होने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने इस घटना का स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है, वहीं एक ग्रामीण ने भी माकपा समर्थित उपद्रवियों पर भाजपा समर्थकों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।

एसडीपीओ ने कहा, ‘‘ स्थिति अब नियंत्रण में है और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। घटना की जांच जारी है।’’

बिप्लब कुमार देब के पिता की पुण्यतिथि के अवसर पर जामजुरी में उनके पैतृक घर में बुधवार से चार दिवसीय यज्ञ शुरू होना था।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर और आसपास के क्षेत्र को सजाया, जबकि माकपा समर्थकों के एक समूह ने वहां अपने कार्यक्रम के लिए पार्टी के झंडे लगाए, जिसके कारण यह विवाद हुआ।

एसडीपीओ ने कहा, ‘‘ माकपा के कुछ झंडे कथित रूप से फटे हुए और फेंके हुए पाए गए, जिसके बाद देब के पैतृक घर के पास दोनों गुटों के बीच झड़प शुरू हो गई। झड़प के दौरान माकपा समर्थकों द्वारा देब के एक अतिथि के वाहन को कथित रूप से आग लगा दी गई थी और इसमें भाजपा के दो कार्यकर्ताओं को चोटें आईं हैं। ’’

उन्होंने कहा कि इसके बाद भाजपा के नाराज कार्यकर्ताओं ने गांव में माकपा कार्यकर्ताओं की चार दुकानों में आग लगा दी।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि सुरक्षाबलों को मौके पर भेजा गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि शांति बनाए रखने के लिए वहां पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.