तीन राज्यों में गर्मी ने ली 11 जानें, केरल में बारिश से सात की मौत
देश के 10 सबसे गर्म शहरों में राजस्थान के छह शहर शामिल हैं। बाड़मेर में पारा 48.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अन्य शहरों में भी तापमान 47 डिग्री से ऊपर चल रहा है। 24 मई से नौतपा भी शुरू हो रहा है, जो प्रचंड गर्मी के नौ दिन होते हैं।

नई दिल्ली (आरएनआई) पूरे देश में चरम मौसमी घटनाएं जानलेवा साबित हो रही हैं। केरल में जहां मानसून पूर्व बारिश की वजह से अचानक आई बाढ़ और बिजली गिरने से सात लोगों की मौत हो गई, वहीं राजस्थान में प्रचंड गर्मी की वजह से पांच, हरियाणा में दो और मध्य प्रदेश में चार लोगों ने जान गंवा दी है।
देश के 10 सबसे गर्म शहरों में राजस्थान के छह शहर शामिल हैं। बाड़मेर में पारा 48.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अन्य शहरों में भी तापमान 47 डिग्री से ऊपर चल रहा है। इसके अलावा, 24 मई से नौतपा भी शुरू हो रहा है, जो प्रचंड गर्मी के नौ दिन होते हैं। इस दौरान राजस्थान में कई जगहों पर तापमान 50 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा हो सकता है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को राजस्थान, पंजाब व गुजरात में लू और केरल में बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश व गुजरात में गर्मी, जबकि तमिलनाडु में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट है। देश में केवल सिक्किम व अरुणाचल ऐसे राज्य हैं, जिनके लिए विभाग ने चरम मौसम से जुड़ा कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।
गर्मी के चलते पूरे देश में बिजली की मांग बुधवार को 235 गीगावाट यानी 2 लाख 35 हजार मेगावाट पहुंच गई। यह इस सीजन की अधिकतम मांग है। बिजली मंत्रालय का अनुमान है कि जल्द ही देश में बिजली खपत का सार्वकालिक रिकॉर्ड टूट सकता है, जो सितंबर, 2023 में 243.27 गीगावाट था।
राजधानी में बृहस्पतिवार को तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की कमी आई। इससे भीषण गर्मी से मामूली राहत मिली। यहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि बुधवार को यह 43.4 डिग्री दर्ज किया गया था।
राजधानी में बृहस्पतिवार को तापमान में करीब डिग्री सेल्सियस की कमी आई। इससे लोगों को भीषण गर्मी से मामूली राहत मिली। बुधवार को अधिकतम तापमान 43.4 दर्ज किया गया था। हालांकि, मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। शनिवार से लेकर सोमवार तक के लिए लू का ऑरेंज अलर्ट है।
बृहस्पतिवार को सुबह से ही सूरज की तपिश ने लोगों को परेशान किया, लेकिन दोपहर में बादलों और सूरज की लुकाछिपी का खेल चला। इससे गर्म हवा का अहसास कम हुआ। दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह अब तक सर्वाधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया है। उधर, शुक्रवार को आसमान साफ रहेगा। कई इलाकों में धूल भरी आंधी चलेगी। शनिवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक जाने की आशंका है।
नजफगढ़ इलाका सर्वाधिक गर्म रहा। यहां अधिकतम 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। जाफरपुर में 42, पूसा व पीमतपुरा में 41.3, मुंगेशपुर में 41.5, आया नगर में 41.2 व नरेला में 41.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
राजधानी में हवा की गति बढ़ने से बृहस्पतिवार को एक्यूआई 156 दर्ज किया गया। बुधवार को एक्यूआई 191 दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को हवा खराब श्रेणी में पहुंच सकती है। भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक बृहस्पतिवार को औसतन 18 से 24 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा पूर्व से दक्षिण-पूर्व से पूर्व दिशा की ओर से चली।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2
What's Your Reaction?






