चरणाश्रम में धूमधाम से सम्पन्न हुआ पंच दिवसीय दिव्य व भव्य होली महोत्सव

डॉ. गोपाल चतुर्वेदी

Mar 16, 2025 - 19:01
 0  0
चरणाश्रम में धूमधाम से सम्पन्न हुआ पंच दिवसीय दिव्य व भव्य होली महोत्सव

वृन्दावन (आरएनआई) परिक्रमा मार्ग/वंशीवट क्षेत्र स्थित चरणाश्रम (पंचायती महानिर्वाणी अखाड़ा) में चरणाश्रम के अध्यक्ष महामंडलेश्वर डॉ. सत्यानंद सरस्वती महाराज (अधिकारी गुरुजी) के पावन सानिध्य में पंच दिवसीय दिव्य व भव्य होली महोत्सव अत्यंत श्रद्धा एवं धूमधाम के साथ संपन्न हुआ।जिसके अंतर्गत संपन्न हुई सरस भजन संध्या में प्रख्यात भजन गायकों ने होली से सम्बंधित भजनों, पदों व रसियाओं का संगीत की मृदुल स्वर लहरियों के मध्य गायन किया।जिन पर देश-विदेश से आए समस्त भक्तों-श्रद्धालुओं ने रंग-गुलाल व फूलों की अद्भुत होली खेली।साथ ही जबरदस्त नृत्य किया।
चरणाश्रम के अध्यक्ष महामंडलेश्वर डॉ. सत्यानंद सरस्वती महाराज (अधिकारी गुरुजी) ने समस्त भक्तों-श्रद्धालुओं को अपने आशीर्वचन देते हुए कहा कि होली भारतीय वैदिक सनातन संस्कृति का एक ऐसा रंगबिरंगा त्योहार है, जिसे सभी धर्मों के लोग पूरे उत्साह के साथ मनाते हैं। प्रेम भरे रंगों से सजा यह पर्व हर धर्म, संप्रदाय, जाति के बंधन खोलकर भाई-चारे का संदेश देता है। इस दिन सभी लोग अपने पुराने गिले-शिकवे भूल कर प्रेम से गले लगते हैं और एक दूजे को गुलाल लगाते हैं।
महोत्सव में पधारे प्रख्यात साहित्यकार डॉ. गोपाल चतुर्वेदी ने कहा कि महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. सत्यानंद सरस्वती महाराज अधिकारी गुरुजी सेवा की प्रतिमूर्ति हैं।वे नर सेवा को ही नारायण सेवा मानते हैं।वे निर्धन, निराश्रितों, दीन-दुखियों एवं असहायों की सेवा पूर्ण निष्ठा, निस्वार्थ भाव और समर्पण के साथ कर रहे हैं। पूज्य महाराजश्री समूचे वृन्दावन में डॉक्टर बाबा के नाम से प्रख्यात हैं।
महोत्सव में डॉ. मोहन आचारी (USA), हुई (चाइना), मुरली अग्रवाल, पुनीत गुप्ता (सिरसा), मदन गोपाल बाबा, विकास अग्रवाल (बुलंद शहर), अंकित प्रधान (पानीगांव), डॉ. राधाकांत शर्मा, हरिओम शर्मा, दीना पण्डितजी, संजू अग्रवाल आदि की उपस्थिति विशेष रही।
उत्सव पर्यन्त नित्य ब्रजवासी, वृद्ध माताओं का भजन कीर्तन व प्रसाद वितरण आदि के कार्यक्रम सम्पन्न हुए। साथ ही परिक्रमार्थियों के लिए फलाहार, भोजन प्रसाद और चाय बिस्किट आदि का वितरण किया गया।
ज्ञात हो कि चरणाश्रम (पंचायती महानिर्वाणी अखाड़ा) में नित्यप्रति समस्त संत, भक्त, ब्रजवासी, वैष्णव एवं निर्धन निराश्रित आदि को सुबह में चाय और बिस्किट और शाम को भोजन प्रसाद ग्रहण कराया जाता है।साथ ही डॉ. अधिकारी गुरुजी के द्वारा नित्य रोगियों का परीक्षण करके उन्हें निःशुल्क औषधियों का वितरण भी किया जाता है।जिसका महीने का खर्चा लगभग 1 लाख के करीब होता है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.