गिरफ्तारी के बाद से 4.5 किलो घटा केजरीवाल का वजन
केजरीवाल का तेजी से वजन घट रहा है। 21 मार्च को गिरफ्तार होने के बाद से अब तक केजरीवाल का साढ़े चार किलो वजन कम हुआ है।

नई दिल्ली (आरएनआई) तिहाड़ जेल में बंद अरविंद केजरीवाल का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। आम आदमी पार्टी सूत्रों की तरफ से कि अब तक केजरीवाल का वजन काफी घट गया है। केजरीवाल का तेजी से वजन घट रहा है। 21 मार्च को गिरफ्तार होने के बाद से अब तक केजरीवाल का साढ़े चार किलो वजन कम हुआ है। सीएम के घटते वजन पर डॉक्टर्स ने चिंता जताई है। तिहाड़ जेल प्रशासन के मुताबिक अरविंद केजरीवाल बिलकुल ठीक हैं। जेल के डॉक्टरों ने ऐसी कोई चिंता जाहिर नहीं की है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तिहाड़ जेल में पहली रात बेचैनी में गुजरी। सोमवार देर रात तक वे करवट बदलते रहे। मंगलवार सुबह वे काफी सहज दिखे। उन्होंने योग किया और फिर जेल नियमों के मुताबिक उन्हें बिना चीनी वाली चाय व ब्रेड नाश्ते में दी गई। इसके बाद उन्होंने अखबार पढ़ा और कुछ देर टेलीविजन भी देखा।
जेल सूत्रों का कहना है कि सोमवार शाम जेल में आने के बाद उनकी रात काफी असहज रही। साढ़े छह बजे उन्होंने घर का खाना खाया। अदालत ने मधुमेह होने से उन्हें सुबह-शाम घर का खाना खाने की इजाजत दी है, जबकि नाश्ता जेल का ही करेंगे। उनके नाश्ते से आलू हटा दिया गया है। उनके सेल में मच्छरदानी लगा दी गई। रात में दो बार उनकी नींद खुली। इसके बाद वे कुर्सी पर बैठकर कुछ देर तक सोचते रहे। फिर पानी पीकर सो गए। सुबह करीब छह बजे उठकर उन्होंने डेढ़ घंटे तक प्राणायाम किया। इसके बाद उन्हें चाय व नाश्ता दिया गया। दिन में वह सेल से बाहर भी निकले और अहाते में चहलकदमी की।
मुख्यमंत्री को मधुमेह की समस्या है। इसे लेकर उनकी सेहत को लेकर जेल प्रशासन की पैनी नजर है। केजरीवाल को ग्लूकोमीटर, इसबगोल, ग्लूकोज, और अचानक शुगर का स्तर कम होने पर जेल अधीक्षक को टॉफी देने को कहा गया है। जेल अधिकारियों ने बताया कि उनके स्वास्थ्य पर जेल के चिकित्सक नजर रखे हुए हैं। चिकित्सक लगातार उनके पास जाकर हालचाल ले रहे हैं। शुगर स्तर की जांच की जा रही है। सेल के आसपास मौजूद जेलकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों को साफ निर्देश दिया गया है कि उनके असहज दिखने पर तुरंत इसकी जानकारी आला अधिकारी को दें और तुरंत चिकित्सा मुहैया करवाएं।
Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z
What's Your Reaction?






