क्रिसमस मार्केट हमले में बढ़ी मृतकों की संख्या; जर्मनी में अब तक पांच लोगों की मौत, 200 लोग घायल
जर्मनी के मागदेबर्ग शहर में क्रिसमस मार्केट में हुए हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। जबकि कार से रौंदे जाने के कारण 200 लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं देश के मंत्री हमलावर तालेब ए को इस्लाम का कट्टर आलोचक बताया है।

जर्मनी (आरएनआई) जर्मनी में एक सऊदी डॉक्टर की तरफ से क्रिसमस मार्केट में गाड़ी से रौंदने के हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है और 200 से ज्यादा लोग घायल हैं। शुक्रवार की शाम को हुए इस हमले के बाद हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में जर्मनी के राज्यपाल रेनर हेजलॉफ ने बताया कि मृतकों की संख्या दो से बढ़कर पांच हो गई है और 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं। चांसलर ओलाफ शोल्ज ने कहा कि इनमें से लगभग 40 लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनकी स्थिति चिंताजनक है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चर्च के बाहर मोमबत्तियां जलाकर और फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। कई लोग वहां रोते हुए देखे गए। 2016 में एक क्रिसमस मार्केट पर हुए हमले के गवाह बने बर्लिन के एक चर्च कोयर ने 'अमेजिंग ग्रेस' भजन गाकर अपनी प्रार्थना की। आठ साल पहले बर्लिन में एक इस्लामी चरमपंथी ने ट्रक से क्रिसमस मार्केट पर हमला किया था, जिसमें 13 लोगों की मौत हुई थी।
जर्मन मीडिया ने आरोपी का नाम तालिब ए. बताया है, वह मनोचिकित्सा और मनोचिकित्सकीय उपचार का विशेषज्ञ है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आरोपी ने यह हमला क्यों किया। खुद को पूर्व मुस्लिम बताने वाले इस व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर इस्लाम-विरोधी पोस्ट शेयर किए थे और इस्लाम छोड़ने वालों का समर्थन किया था। उसने जर्मन अधिकारियों पर 'यूरोप में इस्लामीकरण' के खिलाफ पर्याप्त कदम न उठाने का भी आरोप लगाया।
वहीं वियतनाम से आईं एक महिला ने बताया कि हमले के दौरान उन्होंने तेज आवाज सुनी और एक कार को तेजी से क्रिसमस मार्केट में घुसते हुए देखा। बता दें कि, क्रिसमस मार्केट जर्मनी की सदियों पुरानी परंपरा है, जो दुनियाभर में प्रसिद्ध है। मागदेबर्ग शहर की आबादी लगभग 2.4 लाख है और यह सैक्सनी-अन्हाल्ट की राजधानी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2
What's Your Reaction?






