सुखदेव भगत बोले- कांग्रेस और नेहरू ने लोकतंत्र को इतना मजबूत किया कि चाय बेचने वाला भी पीएम बन सका
कांग्रेस सांसद सुखदेव सिंह ने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और कांग्रेस ने लोकतंत्र की जड़ों को इस तरह मजबूत किया है कि आज एक चाय बेचने वाला भी प्रधानमंत्री बन सकता है।

नई दिल्ली (आरएनआई) कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी और देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने लोकतंत्र और संविधान की जड़ों को इस कदर मजूबत किया है कि आज एक 'चाय बेचने वाला' भी देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। भगत ने यह टिप्पणी संविधान पर लोकसभा में चर्चा में भाग लेते हुए की।
भगत ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के उस बयान के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि विपक्षी नेताओं के परिवार पीढ़ियों से संविधान को अपनी जेब में रखते आए हैं। कांग्रेस नेता ने कहा, 'यह सच है, क्योंकि सबसे कीमती और महत्वपूर्ण चीजें जेब में ही रखी जाती हैं।'
झारखंड के लोहारदगा से सांसद भगत ने कहा, 'कल (शुक्रवार) सत्तारूढ़ पार्टी के लोग नेहरू पर हमला कर रहे थे। लेकिन मैं सदन को बताना चाहता हूं कि कांग्रेस और नेहरू ने लोकतंत्र की जड़ें इतनी मजबूत की हैं कि आज एक चाय बेचने वाला भी प्रधानमंत्री बन सकता है। कांग्रेस ने (लोकतंत्र की) जड़ें मजबूत की हैं।'
कांग्रेस सांसद ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ी पत्रिका 'ऑर्गनाइजर' ने कहा था कि भारत तिरंगे को स्वीकार नहीं करेगा और तीन रंग अशुभ हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 2000 में आरएसएस के तत्कालीन प्रमुख के. सुदर्शन ने संविधान को बदलने की बात कही थी।
उन्होंने आगे कहा, वर्तमान में संविधान के लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष ढांचे पर हमले किए जा रहे हैं। सुखदेव भगत ने यह भी याद दिलाया कि चीन के साथ युद्ध के दौरान नेहरू ने संसद में इस मुद्दे पर चर्चा की अनुमति दी थी। इसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जिक्र करते हुए भगत ने कहा, राहुल गांधी ने एक कारोबारी समूह का नाम लिया था और जैसे ही उन्होंने यह नाम लिया, संसद बंद कर दी गई और सरकार ने चुप्पी साध ली।
इसके बाद निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कविता की कुछ पंक्तियों के साथ अपनी बात शुरू की। यादव ने कहा, हम एक देश-एक चुनाव की बात करते हैं, लेकिन एक शिक्षा-एक स्वास्थ्य पर बात क्यों नहीं करते? उन्होंने निजीकरण को लेकर भी सरकार पर हमला बोला और निजी नौकरियों में आरक्षण की मांग की।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2
What's Your Reaction?






