कर्नाटक में कांग्रेस पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी: बी. के. हरिप्रसाद
डॉ. समरेन्द्र पाठक

बेंगलुरु, 29 अप्रैल 2023, (आरएनआई)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कर्नाटक विधान परिषद में विरोधी दल के नेता बी.के.हरिप्रसाद ने दावा किया है,कि राज्य में अगली सरकार कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ बनायेगी,क्योंकि सत्तारूढ़ भाजपा की सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है।
श्री हरिप्रसाद ने यह दावा कल यहाँ एक इंटरव्यू के दौरान करते हुए कहा कि कांग्रेस ने 224 सदस्यीय विधान सभा में 170 सीटें हासिल करने का लक्ष्य रखा है और पूरी उम्मीद है, कि हम 150 से अधिक सीटें हासिल कर अपने बूते सरकार बनाने में कामयाब होंगे।
कांग्रेस के पूर्व राज्य सभा सदस्य श्री हरिप्रसाद ने कहा कि वर्ष 2018 के कर्नाटक विधान सभा चुनाव में जनता ने उनकी पार्टी को सरकार बनाने के लिए जनादेश दिया था,लेकिन 17 विधायकों की खरीद-फरोख्त कर सालभर में सरकार गिरा दी गयी और भाजपा ने यहाँ सरकार बना ली।ऐसा ही उन्होंने एम.पी.में किया।
श्री हरिप्रसाद ने कहा कि राज्य में भाजपा के शासन में आमजन,किसान,मजदूर, महिलाएं एवं नौजवान परेशान है और लोग बदलाव की तलाश में हैं।इस चुनाव में भाजपा का सफाया हो जायेगा।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में राज्य में 34 लोग सिर्फ आक्सीजन के अभाव में मर गए।लाकडाउन में लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ा।यह सरकार सिर्फ झूठे वादे पर टिकी है।लोग अब इन्हें मांफ करने के मूड में नहीं है।
भारत जोड़ो यात्रा के प्रभाव के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस यात्रा के दौरान 21 दिनों तक लाखों की भीड़ के साथ रहे।लोगों से मिले।इसका इतना असर है,कि राज्य में भाजपा की हाल ख़राब है।
यूपीए1एवं यूपीए 2 के शासन काल के भ्रष्टाचार के बारे में पूछे जाने पर श्री हरिप्रसाद ने कहा कि हमारे खिलाफ व्यापक दुष्प्रचार किया गया।वे झूठ फैलाकर लोगों में माहौल बनाने में कामयाब हो गए,लेकिन भाजपा 9 वर्षो के अपने शासन काल में एक भी मामले में किसी को सजा नहीं दिला पायी।इनके झूठ का पोल खुल गया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी को संसद की सदस्यता से अयोग्य ठहराये जाने के संबंध में पूछे जाने पर श्री हरिप्रसाद ने कहा कि यह कोई नयी बात नहीं है।श्रीमती इंदिरा गांधी के साथ भी ऐसा ही हुआ था,लेकिन वह कुछ ही समय में देश की दोबारा प्रधानमंत्री बन गयी थीं।इस बार भी ऐसा ही होगा।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जब राहुल गांधी ने देश हित में संसद में आवाज उठाने की कोशिश की तो उनका माइक बंद किया गया।बाद में अदालत का सहारा लेकर संसद की सदस्यता से अयोग्य करार दिया गया।यह सीधे तौर पर लोकतंत्र पर हमला है। एल.एस.
What's Your Reaction?






