कमलनाथ सन्देश यात्रा का हुआ गुना आगमन

भाजपा के 8 बड़े विकेट गिराना है जिन्होंने सरकार गिराई थी...

Jun 18, 2023 - 17:00
 0  891
कमलनाथ सन्देश यात्रा का हुआ गुना आगमन

गुना। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का संदेश प्रदेशभर में पहुंचाने के लिए निकाली जा रही कमलनाथ संदेश यात्रा ने गुना का दौरा कर लिया है। इस यात्रा को गुना लेकर आए कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष दामोदर सिंह यादव आत्मविश्वास के लबरेज नजर आए। उन्होंने कांग्रेस के लिए चुनौती बन चुकी गुना और बमौरी विधानसभा जीतने का दावा करते हुए चुनावी समर में कांग्रेस द्वारा मध्यप्रदेश भाजपा के बड़े-बड़े विकेट गिराने की बात कही है।

उनका इशारा ऐसे नेताओं को चुनाव हराने को लेकर था, जिन्होंने साल 2020 में कांग्रेस की सरकार गिराने के दौरान अहम भूमिका निभाई थी।

दामोदर सिंह यादव के मुताबिक कमलनाथ संदेश यात्रा पहले चरण में मध्यप्रदेश के 10 जिलों की 22 विधानसभा का भ्रमण कर रही है। पहले चरण का समापन दतिया विधानसभा मुख्यालय पर होगा। यहां कांग्रेस के कई राष्ट्रीय नेता जुटेंगे और करीब 20 से 25 हजार कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को हराने का संकल्प लिया जाएगा। 

कांग्रेस मिश्रा को हराने के लिए कमर कस चुकी है और उन्हें चुनावी गेम में बड़ा विकेट बता रही है। यादव का दावा है कि कांग्रेस के निशाने पर भाजपा के 7 से 8 बड़े नेता शामिल हैं, जिन्हें हराने के लिए रणनीति बनाई जा रही है। इन नेताओं में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हैं।

कमलनाथ संदेश यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं के निशाने पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी नजर आ रहे हैं। यात्रा लेकर गुना आए यादव ने दावा किया कि कांग्रेस के सभी नेताओं ने मुख्यमंत्री पद पर कमलनाथ के नाम पर मुहर लगा दी है। लेकिन भाजपा में कोई भी शिवराज सिंह चौहान के नाम पर सहमत नहीं है। ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम लिए बगैर यादव ने बताया कि सीएम के नाम पर सिर फुटोव्वल में शामिल वे नेता भी हैं, जो कभी कांग्रेस में थे और पहले उनके उसूलों पर आंच आ जाती थी, लेकिन अब नहीं आ रही है।

कांग्रेस की हिट लिस्ट में शामिल बड़े नेताओं के विकेट में पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया से सम्बंधित सवाल पूछे जाने पर यादव ने चुटीले अंदाज में कहा कि उन्हें मंत्रीजी का नाम याद नहीं आ पा रहा है लेकिन बमौरी उनके लिए बहुत छोटा विकेट है। हालांकि बमौरी विधानसभा जीतने के लिए भी कांग्रेस रणनीति तैयार करेगी।

बता दें कि दो दिन पहले मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने संदेश यात्रा रवाना की थी। जिसे लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेता तमाम विधानसभा में पहुंच रहे हैं।

इस यात्रा के दौरान कमलनाथ के पांच संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जिनमें नारी सम्मान योजना, 500 रुपए में सिलेंडर, 100 रुपए 100 युनिट बिजली जैसी योजनाएं शामिल हैं। जिनके आधार पर कांग्रेस साल 2023 का विधानसभा चुनाव लडऩे वाली है। 

इस अवसर पर कांग्रेस प्रभारी कृष्णमोहन मालवीय, सहप्रभारी राघवेंद्र शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़, शहर जिला अध्यक्ष हरिशंकर विजयवर्गीय, नूरुल हसन नूर, विश्वनाथ तिवारी, मानसिंह परसौदा, रजनीश शर्मा, गोपाल शर्मा, दीपेश पाटनी, सीमा यादव सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0