ओरछा में बनेगा श्री राम राजा लोक

मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान सोमवार को निवाड़ी जिले के ओरछा में पहुंचे। यहां उन्होंने कहा श्री रामराजा लोक का भूमिपूजन किया। साथ ही रामराजा मंदिर में प्रदेश में अच्छी बारिश की कामना के साथ पूजन किया। 

Sep 4, 2023 - 16:30
 0  297
ओरछा में बनेगा श्री राम राजा लोक
ओरछा में सीएम शिवराज

ओरछा। (आरएनआई) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निवाड़ी जिले के ओरछा में श्री राम राजा सरकार के दर्शन किए। साथ ही श्री रामराजा लोक का भूमिपूजन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं उज्जैन होकर आया हूं। वहां मैंने भगवान से प्रार्थना की है और यहां भी श्री राम राजा से प्रार्थना करता हूं कि बारिश हो जाए। किसान सुखी हो, सबका मंगल हो। ओरछा में राम जी की कृपा से नए सूर्य का उदय हो रहा है, यहां पर श्री राम राजा लोक का निर्माण होने जा रहा है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ओरछा में श्री राम राजा लोक का भूमिपूजन किया। 12 एकड़ क्षेत्र में 143 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से श्री राम राजा मंदिर परिसर को भव्य स्वरूप देते हुए विकसित किया जाएगा। उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों का लोकार्पण भी किया। इससे निवाड़ी प्रदेश का दूसरा 'हर घर जल' जिला हो गया है। जिले के 55 हजार 645 परिवारों के 3 लाख 94 हजार 982 लोगों को नल से जल उपलब्ध हो रहा है। मुख्यमंत्री ने पृथ्वीपुर में 11 करोड़ 83 लाख की लागत के सिविल अस्पताल, 21 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत के जेरोर और ओरछा स्वास्थ्य केन्द्र का शिलान्यास किया तथा 280 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित पांच विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने तरिचरकलां को नगर परिषद बनाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने श्री राम राजा लोक के भूमिपूजन के बाद श्री राम राजा से प्रदेश में भरपूर वर्षा कराने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि "सोमवार सुबह श्री महाकालेश्वर मंदिर में भी प्रदेश में वर्षा के लिए प्रार्थना की है। भगवान राम राजा से भी यही प्रार्थना है कि प्रदेश को पर्याप्त जल दें ताकि फसलों को नया जीवन मिले। मुख्यमंत्री ने सभा में मौजूद लोगों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने गांवों के मंदिरों में वर्षा के लिए ईश्वर से प्रार्थना करें। प्रार्थना-पूजा के साथ ही हम कर्म भी करेंगे। वर्षा के अभाव में यदि कोई संकट आता है तो घबराने की जरूरत नहीं हैं। प्रदेश में बिजली की खपत बढ़ गई है, बांध नहीं भरे हैं, पर हम हर तरह के संकट से निपटने के लिए तैयार हैं। सूखे से डरने की जरूरत नहीं है - हम हर परिस्थिति का मिलकर सामना करेंगे।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कितने ही जन्मों का पुण्य है जो आज हम भगवान राम की सेवा में श्री राम राजा लोक का भूमिपूजन कर रहे हैं। ओरछा में विकसित होने वाले श्री राम राजा लोक का प्रारंभ प्रवेश द्वार पर भव्य दरबार गलियारे से होगा। बाल कांड प्रांगण में श्री राम की बाल लीलाओं को चित्रित किया जाएगा। उत्तर कांड की चित्र प्रस्तुतियां भी प्रदर्शित होंगी। इसके साथ ही राज भोग पाकशाला का विकास तथा प्लाजा भी दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए विकसित किया जाएगा। यहां व्यवस्थित दुकानों का निर्माण भी होगा। जिनकी दुकानें हैं, उन्हें दुकानें बनाकर दी जाएंगी। इसके साथ ही जिनके मकान विस्थापित होंगे, उनकी भी उचित व्यवस्था की जाएगी। श्री महाकाल महालोक के निर्माण के बाद उज्जैन में प्रतिदिन दो लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए आ रहे हैं। उज्जैन की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। इसी प्रकार ओरछा को भी गति मिलेगी और यहां का विकास होगा।  

मुख्यमंत्री चौहान ने कन्या पूजन तथा लाड़ली बहनों का तिलक कर व उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री चौहान ने श्री राम राजा लोक के भूमिपूजन में पधारें जन समुदाय का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। बहनों ने 14 फीट लंबी राखी बांधी। कार्यक्रम में केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार, लोक निर्माण मंत्री तथा निवाड़ी के प्रभारी गोपाल भार्गव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं जनसंपर्क मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, उपाध्यक्ष पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम नंदराम कुशवाह, विधायक निवाड़ी अनिल जैन, विधायक पृथ्वीपुर शिशुपाल यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष सरोज प्रेमचंद्र राय तथा अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद लोगों के साथ "राम भजन सुखदायी-भजो रे मेरे भाई" भजन गाया। साथ ही रामधुन भी गुनगुनाई। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.