उद्धव की पार्टी ने किया चार और उम्मीदवारों का एलान
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी अब तक 21 सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। पार्टी ने चार और उम्मीदवारों का एलान कर दिया है।

मुंबई (आरएनआई) आगामी लोकसभा चुनावों के लिए चंद दिनों का ही समय शेष है। ऐसे में शिवसेना ने बुधवार को चार और उम्मीदवारों का एलान किया। जिसमें वैशाली दारेकर राणे को कल्याण सीट से मैदान में उतारा गया है। इस हाई-प्रोफाइल सीट का प्रतिनिधित्व अभी राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे करते हैं। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी अब तक 21 सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।
पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सत्यजीत पाटिल की हातकणंगले, भारती कामदी की पालघर और करण पवार की जलगांव निर्वाचन क्षेत्रों से उम्मीदवारी की घोषणा की। ठाकरे ने कहा कि अगर महा विकास अघाड़ी की सहयोगी कांग्रेस उत्तर मुंबई सी से चुनाव की इच्छुछ नहीं होगी तो उनकी पार्टी उस सीट से भी उम्मीदवार उतारेगी। इस सीट पर भाजपा ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को मैदान में उतारा है।
एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने कल्याण सीट पर अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। वैशाली दारेकर राणे ने 2019 के लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के टिकट पर कल्याण सीट से शिवसेना के आनंद परांजपे के खिलाफ चुनाव लड़ा था। हालांकि, वह 1.02 लाख हासिल कर तीसरे स्थान पर रही थीं। ठाकरे ने कहा कि दारेकर राणे और भारती कामड़ी पार्टी के जमीनी कार्यकर्ता हैं।
शिवसेना के चंद्रहर पाटिल की उम्मीदवारी से कांग्रेस में नाराजगी पैदा हो गई थी। कांग्रेस पूर्व मुख्यमंत्री वसंतदादा पाटिल के पोते विशाल पाटिल को पश्चिम महाराष्ट्र में अपने पारंपरिक गढ़ सांगली से मैदान में उतारना चाहती थी। ठाकरे ने कहा कि उनकी पार्टी ने कोल्हापुर और रामटेक सीट कांग्रेस को दे दी हैं। कांग्रेस इस बात से भी नाराज है कि शिवसेना ठाकरे के करीबी सहयोगी अनिल देसाई को मुंबई दक्षिण-मध्य सीट से टिकट दे रही है। इस सीट पर कांग्रेस की नजर थी। उद्धव ठाकरे ने कहा, अगर हमारी सहयोगी कांग्रेस मुंबई उत्तर से चुनाव लड़ने की इच्छुक नहीं है, तो हम उस सीट से उम्मीदवार उतारेंगे। हम मुंबई में छह में से चार सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं। हम चाहते हैं कि कांग्रेस मुंबई की बाकी दो सीट पर जीत दर्ज करे और शिवसेना के कार्यकर्ता उनकी मदद करें।
Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z
What's Your Reaction?






