इंफाल में IED ब्लास्ट में एक की मौत, एक बुरी तरह जख्मी
पुलिस ने कहा कि एक और शख्स का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। अब तक इस ब्लास्ट की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है।

इंफाल (आरएनआई) मणिपुर के इंफाल में शुक्रवार देर रात आईईडी ब्लास्ट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया गया है कि इस ब्लास्ट में एक अन्य शख्स गंभीर रूप से घायल भी हुआ है। घटना डीएम कॉलेज कॉम्प्लेक्स पर हुई। पुलिस ने बताया कि इस घटना में 24 साल के व्यक्ति की मौत हुई है। मृतक की पहचान ओइनम केनेगी के तौर पर हुई है। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा था।
पुलिस ने कहा कि एक और शख्स का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। अब तक इस ब्लास्ट की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है।
इस बीच इंफाल पश्चिमी जिले के लंफेलपाट में कुछ अज्ञात लोगों ने एक सामाजिक संगठन यूनाइटेड कमेटी मणिपुर (यूसीएम) के दफ्तर में आग लगा दी। इतना ही नहीं शुक्रवार देर रात करीब 12.45 बजे इंफाल पूर्वी जिले में कुछ अज्ञात लोगों ने एक स्कूल के प्रशासनिक वर्ग में तोड़फोड़ की और इसके बाद इसे आग के हवाले कर दिया। पुलिस का कहना है कि घटना में पार्किंग में खड़े एक वाहन को भी आग के हवाले कर दिया गया।
मणिपुर पुलिस ने मौजूदा संकट को देखते हुए स्थानांतरित कर्मियों की आवाजाही पर रोक लगा दी। पुलिस ने कहा है कि जहां तक संभव होगा स्थानांतरित कर्मियों को एक जगह से दूसरी जगह भेजने पर का फैसला जरूरत के आधार पर लिया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि स्थानांतरण आदेश प्रभावी रहेंगे, लेकिन जरूरत के अनुसार कर्मियों को स्थानांतरित किया जाएगा। गौरतलब है कि एक आदिवासी निकाय चुराचांदपुर में स्थित इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम (आईटीएलएफ) ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर मैतेई-प्रभुत्व वाले क्षेत्रों में कुकी पुलिसकर्मियों की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त की थी। इसके बाद स्थानांतरित कर्मियों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z
What's Your Reaction?






