इंडिया के सत्ता में आते ही 10-15 राज्यों में गिर जाएगी भाजपा सरकार : पवन खेड़ा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने दावा किया कि चार जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद इंडिया गठबंधन के सत्ता में आते ही 10-15 राज्यों में भाजपा की सरकारें जुलाई तक गिर जाएंगी। सत्ता में आने के बाद हम दल-बदल पर प्रतिबंध लगाएंगे।

पणजी (आरएनआई) लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा के दावे से सियासी पारा चढ़ गया है। दो चरणों में हुए मतदान के बाद ही उन्होंने चार जून को इंडिया ब्लॉक के सत्ता पर काबिज होने का दावा कर दिया है। इंडिया ब्लॉक के सत्तासीन होते ही 10-15 राज्यों में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारें गिर जाएंगी।
पवन खेड़ा ने कहा, चार जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद इंडिया गठबंधन के सत्ता में आते ही 10-15 राज्यों में भाजपा की सरकारें जुलाई तक गिर जाएंगी। सत्ता में आने के बाद हम दल-बदल की राजनीति पर प्रतिबंध लगाएंगे, इसके लिए संविधान की 10वीं अनुसूची में संशोधन करेंगे। जो कोई भी एक पार्टी से दूसरी पार्टी में जाएगा, उसे अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।
कांग्रेस नेता खेड़ा ने गुरुवार को पत्रकारों से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा ने दल-बदल में शामिल होकर पूरे देश में लोकतंत्र का मजाक उड़ाया है। इंडिया ब्लॉक के सत्ता में आते ही हम दल-बदल पर प्रतिबंध लगाने के लिए संविधान की 10वीं अनुसूची में संशोधन करेंगे। उन्होंने कहा कि जब भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्र के गृहमंत्री अमित शाह चुनावी रैली को संबोधित करने के लिए गोवा पहुंचें तो उनसे मीडिया को 10वीं अनुसूची के बारे में सवाल पूछना चाहिए।
खेड़ा ने महिलाओं के यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे कर्नाटक की हासन लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद और जेडीएस नेता प्रज्जवल रेवन्ना पर भी हमला बोला। उन्होंने इसे दुनिया का सबसे बड़ा यौन शोषण मामला बताया। उन्होंने कहा कि गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत समेत सभी को इस घटना की घोर निंदा करनी चाहिए।
कांग्रेस नेता पवन ने कहा, यह केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है कि वह प्रज्जवल रेवन्ना का पासपोर्ट रद्द करे और उसे भारत वापस लाए। प्रज्जवल कर्नाटक के हासन लोकसभा क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार थे, जहां 26 अप्रैल को मतदान हो चुका है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2
What's Your Reaction?






