आधे हरियाणा में मानसून की दस्तक, आज पूरे प्रदेश में होगा सक्रिय; तीन दिन के लिए येलो अलर्ट जारी
हरियाणा में मानसून इस बार निर्धारित तारीख से एक दिन बाद पहुंचा है। मौसम विभाग का कहना है कि हरियाणा में मानसून के आगे बढ़ने की अनुकूल परिस्थितियां हैं। शनिवार को मानसून पूरे हरियाणा को कवर कर लेगा।

चंडीगढ़ (आरएनआई) हरियाणा में भी आखिर मानसून की एंट्री हो गई है। शुक्रवार को मानसून ने हरियाणा के दक्षिण और उत्तरी हिस्से से दस्तक दी। एक तरफ से मानसून ने राजस्थान के रास्ते भिवानी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, झज्जर, मेवात, पलवल, रोहतक (कुछ इलाके) और फरीदाबाद से एंट्री मारी तो दूसरी तरफ उत्तर के रास्ते यमुनानगर के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर गया।
पहले ही दिन गुरुग्राम में 100.5 एमएम और मेवात में 125 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। यमुनानगर में भी पांच एमएम बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि हरियाणा में मानसून के आगे बढ़ने की अनुकूल परिस्थितियां हैं। शनिवार को मानसून पूरे हरियाणा को कवर कर लेगा। अगले तीन दिन के लिए कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। पूरे प्रदेश में यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
हरियाणा में मानसून इस बार निर्धारित तारीख से एक दिन बाद पहुंचा है। राज्य में मानसून पहुंचने की तय तारीख 27 जून है। पहले दिन यह कमजोर रहा। गुरुग्राम व मेवात को छोड़कर बाकी जगह बूंदाबांदी ही हुई है। मानसून की आहट से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।हालांकि लोगों को अब उमस से जूझना पड़ रहा है। हरियाणा के कई हिस्सों में शुक्रवार को हवा में नमी की अधिकतम मात्रा 78 फीसदी तक दर्ज की गई है। राज्य में सबसे गर्म सिरसा रहा है, जहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री दर्ज किया गया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2
What's Your Reaction?






