अमेरिका, चीन के खिलाफ सख्ती नहीं बरत सकता : विवेक रामास्वामी
विवेक रामास्वामी ने कहा अमेरिका की डिफेंस इंडस्ट्री अपनी सप्लाई चेन के लिए चीन पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि एफ-35 जेट्स के लिए, जहाज बनाने के लिए हम चीन पर निर्भर हैं।

वॉशिंगटन (आरएनआई) अमेरिका में 2024 में होने वाले राष्ट्रपति पद के लिए दावेदारी पेश कर रहे भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी ने कहा कि अमेरिका, चीन के खिलाफ सख्ती नहीं बरत सकता क्योंकि अमेरिका अपनी आधुनिक जीवन शैली के लिए चीन पर निर्भर है। विवेक रामास्वामी ने कहा कि अमेरिका को चीन पर अपनी आर्थिक निर्भरता कम करने की जरूरत है। 38 वर्षीय विवेक रामास्वामी ने ये बातें रिपब्लिकन पार्टी की राष्ट्रपति पद की तीसरी डिबेट में कही, जो बुधवार को फ्लोरिडा के मियामी में आयोजित हुई।
डिबेट के दौरान विवेक रामास्वामी ने कहा 'हम चीन के खिलाफ सख्ती नहीं बरत सकते क्योंकि हमारी आधुनिक जीवन शैली चीन पर निर्भर है। हमें अपने दुश्मन से आर्थिक आजादी घोषित करने की जरूरत है। थॉमस जेफरसन अगर आज जिंदा होते तो वह जो आजादी के दस्तावेज पर हस्ताक्षर करते वो चीन से आर्थिक आजादी का दस्तावेज होता। जब मैं अगला राष्ट्रपति बनूंगा तो मैं इसी 'डिक्लेयरेशन ऑफ इंडीपेंडेंस' पर हस्ताक्षर करूंगा।'
विवेक रामास्वामी ने कहा अमेरिका की डिफेंस इंडस्ट्री अपनी सप्लाई चेन के लिए चीन पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि एफ-35 जेट्स के लिए, जहाज बनाने के लिए हम चीन पर निर्भर हैं। वैसे ही हम फार्मास्यूटिक्ल के लिए और सेमीकंडक्टर के लिए भी चीन पर निर्भर हैं। रामास्वामी ने कहा कि हमें ऐसे नेता चाहिए जो चीन पर निर्भर ना हो। चीन हमारे देश में जमीन खरीद रहा है और यूनिवर्सिटीज में दान दे रहा है। भारतीय मूल के रामास्वामी ने कहा कि अमेरिका की कंपनियां चीन के बाजार में विस्तार तब तक ना करें, जब तक चीन भी ऐसा ही ना करे।
बता दें कि मियामी में हुई बहस में विवेक रामास्वामी के अलावा रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की अन्य दावेदार निक्की हेली, फ्लोरिडा के गवर्नर रोन सांतिस, न्यूजर्सी के पूर्व गवर्नर क्रिस क्रिस्टी और साउथ कैरोलिना से सांसद टिम स्कॉट भी शामिल हुए। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस बार भी बहस में शामिल नहीं हुए। बता दें कि बहस में शामिल ना होने के बावजूद अभी भी रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से डोनाल्ड ट्रंप सबसे लोकप्रिय उम्मीदवार हैं।
Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z
What's Your Reaction?






