अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आकांक्षा समिति हरदोई द्वारा विचार गोष्ठी का आयोजन

Mar 8, 2025 - 17:47
Mar 8, 2025 - 17:47
 0  594
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आकांक्षा समिति हरदोई द्वारा विचार गोष्ठी का आयोजन

हरदोई (आरएनआई) आकांक्षा समिति के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महाराणा प्रताप पी जी कालेज में  "महिला समानता, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण" विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में "महिला अधिकार, सुरक्षा एवं समानता" विषय पर उपस्थित प्रतिष्ठित वक्ता, शिक्षाविद् एवं समाजसेवियों ने अपने विचार साझा किए एवं  महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने और उनके सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक संवाद स्थापित करने पर बल दिया। 
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता और जनपद की प्रथम महिला वकील महामहिमा श्रीवास्तव ने मुख्य वक्ता के रुप में महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा पर अपने विचार रखते हुए कहा कि हमारी सनातन सभ्यता  महिला सशक्तिकरण का सबसे बडा उदाहरण है। यह रानी लक्ष्मीबाई, जीजाबाई, लक्ष्मी, सरस्वती, दुर्गा  का देश है। महिलाओं की स्थिति सुधारने के लिए हमें अपनी संस्कॄति को समझना होगा। उन्होंने सभागार में उपस्थित लड़कियों को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जागरुक करते हुए कानून के दुरुपयोग से बचने की सलाह दी।

कार्यक्रम में वक्ता नमिता त्रिपाठी ने कहा कि हमारा देश अर्धनारीश्वर की संकल्पना में विश्वास रखने वाली सभ्यता है।
हमें स्वतंत्रता पुरुषों से नहीं बल्कि समाज में व्याप्त बुराइयों से चाहिए। हमें ऐसे समाज का निर्माण करना होगा जहां लङकियां और महिलाएं खुद को सुरक्षित, समान एवं सशक्त महसूस करें।

वक्ता  डा.श्वेता सिंह गौड ने अपने वक्तव्य में लडकियों से संबंधित निराशा की सोच से उबरने पर बल दिया। उन्होंने कहा नारी को बस स्वयं की क्षमता को पहचानने की आवश्यकता है। परिवर्तन की शुरुआत पहले परिवार से करनी है तभी समाज और फिर देश में नारियों की स्थिति बदलेगी। 

सीडीओ सौम्या गुरुरानी ने कहा कि समाज में महिलाओं की स्थिति बदलनी है तो महिलाओं को ही आगे आना होगा और हर अन्याय के विरोध में आवाज उठानी होगी। इस अवसर पर उन्होंने  बालिकाओं और महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षिक उत्थान के लिए चलाई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी। 

कार्यक्रम का मंच संचालन आलोकिता श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर डिग्री कालेज के प्राचार्य डा. निखिलेश शरण, आकांक्षा समिति की सदस्य ममता मिश्रा, कंचन वाजपेयी उपस्थित रहीं।


Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Laxmi Kant Pathak Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)